RSS HQ Received Bomb Threat: नए साल की पूर्व संध्या पर RSS मुख्यालय को मिली बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस अलर्ट, बढ़ाई गई सुरक्षा, देखें क्या कहा धमकी देने वाले ने
नए साल की पूर्व संध्या पर नागपुर में RSS हेडक्वार्टर को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। मीडिया सूत्रों के मुताबिक नागपुर पुलिस के कंट्रोल रूम के नंबर पर अनजान शख्स ने कॉल कर इस तरह की धमकी दी है। इसी के बाद से पुलिस अलर्ट मोड पर है। इसी के साथ संघ मुख्यालय की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
बता दें कि संघ मुख्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद से ही नागपुर पुलिस प्रशासन में हड़कम्प मच गया है। फोन करने वाले के बारे में जानकारी हासिल करने के लिए पुलिस टीम जुट गई है।
बताया जा रहा है कि यह कॉल दोपहर एक बजे आया था। इसके बाद पुलिस एकदम अलर्ट मोड पर आ गई और यह ट्रेस करने में लग गई कि आखिर धमकी देने वाला कौन और कहां से बात कर रहा है? सावधानी के तौर पर मुख्यालस की सुरक्षा व्यवस्था को और सतर्क, सावधान और समर्थ कर दिया गया है। जहां एक ओर लोग नए साल के स्वागत के लिए जश्न मना रहे हैं, वहीं इस धमकी ने पुलिस प्रशासन की रातों की नींद उड़ा दी है।
धमकी देकर काट दिया फोन
बताया जा रहा है कि फोन करने वाले ने सिर्फ यह धमकी देकर फोन रख दिया कि वह संघ मुख्यालय को बम से उड़ा देगा। धमकी भरा कॉल आने के बाद पुलिस कंट्रोल रूम ने तुरंत संबंधित विभागों को इसकी सूचना दी। आरएसएस मुख्यालय की सुरक्षा बढ़ाने का फैसला ताबड़तोड़ लिया गया।
RSS हेडक्वार्टर की सुरक्षा CISF और बाहरी सुरक्षा नागपुर पुलिस के अधीन
मालूम हो कि संघ मुख्यालय की अंदरुनी सुरक्षा की जिम्मेदारी सीआईएसएफ के अधीन है। मुख्यालय के बाहर की सुरक्षा नागपुर पुलिस के हाथ में है। दोनों ही सुरक्षा दलों की तरफ से सतर्कता और सावधानियां बढ़ा दी गई हैं। पहले से ही सख्त सिक्योरिटी सिस्टम को और भी ज्यादा टाइट कर दिया गया है। इससे पहले भी देश भर में संघ के कार्यालयों को उड़ाने की धमकियां मिली हैं। इस वजह से पुलिस और सुरक्षा दलों की ओर से अलग-अलग स्तर पर कार्रवाइयां की जाती रही हैं। आतंकियों के निशाने पर होने की आशंकाओं को देखकर फिलहाल नागपुर के संघ कार्यालय की सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त रखी जाती है, लेकिन इस बार फिर से धमकी मिलने के बाद इसकी सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है। सुरक्षा दल को अलर्ट कर दिया गया है। (फोटो सोशल मीडिया)