UP News: फूटफूट कर रोई सपा विधायक इरफान सोलंकी की पत्नी, “कहा क्या मरा समझ लें” वायरल हुआ वीडियो, वहीं विधायक ने खुद को कहा “गधा”, देखें वीडियो

March 18, 2023 by No Comments

Share News

UP News: जेल में बंद कानपुर के सपा विधायक इरफान सोलंकी की पत्नी के साथ ही इरफान का भी एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जहां एक ओर इरफान पुलिस पर धक्का मारने का आरोप लगाते हुए जमकर मीडिया के सामने बरस रहे हैं और खुद को जानवर व गधा तक कह रहे हैं तो वहीं एक अन्य वीडियो में उनकी पत्नी जमकर रो रही हैं और कह रही हैं क्या योगी को मेरी परेशानी नहीं दिखती है क्या. क्या पति को मरा समझ लें. एक छोटी सी जाली से मिलाई होती है।

बता दें कि सपा विधायक इरफान सोलंकी महारांज गंज जेल में बंद चल रहे हैं. उनको शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा के साथ महाराजगंज जेल से कानपुर कोर्ट लाया गया। यहां MP-MLA सेशन कोर्ट में इरफान, उनके भाई रिजवान समेत 5 लोगों के खिलाफ सुनवाई हुई। पेशी पर आते वक्त इरफान ने कहा, “जुल्मी कब तक जुल्म करेगा सत्ता के गलियारों से, जर्रा-जर्रा गूंज उठेगा इंकलाब के नारों से।”

इरफान ने प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा, ”हमें मीडिया से बात करने नहीं दिया जा रहा है। अगर इस्तीफा चाहिए तो मैं कल की जगह आज देने को तैयार हूं।” इस बीच,​ पत्नी नसीम सोलंकी ने कोर्ट परिसर में रोते हुए कहा, ”5 मिनट के लिए भी इरफान से मिलने नहीं दिया जा रहा। महाराजगंज जेल में भी मुश्किल से मिलने दिया जा रहा है। हम उन्हें मरा हुआ समझ लें क्या? योगी जी को हमारी परेशानी नहीं दिखती है क्या?”

नसीम ने मांगी माफी
नसीम सोलंकी ने कहा कि, एक महिला ने झूठा आरोप लगाया, उसकी सुनवाई हो रही है। हम रो रहे हैं हमारी सुनी भी नहीं जा रही है। सरकार और पुलिस हम लोगों के पीछे पड़ गई है। हमें और इरफान को माफ कर दीजिए, छोड़ दीजिए। बच्चों के 10वीं और 12वीं के एग्जाम हैं। हम बच्चों के एग्जाम दिलवाएं या कोर्ट में आएं।

आरोप तय होने के बाद पहली सुनवाई
मालूम हो कि जाजमऊ आगजनी मामले में आरोप तय होने के बाद यह पहली सुनवाई है। इरफान के अलावा रिजवान, मोहम्मद शरीफ शौकत अली और इसराइल आटे वाला को कानपुर जेल से कोर्ट लाया गया। अभियोजन की ओर से सबसे पहले FIR दर्ज करने वाले को कोर्ट में गवाह के रूप में पेश किया गया। कोर्ट में गवाही के बाद बचाव पक्ष के अधिवक्ताओं ने जिरह भी की। अधिवक्ता प्राची श्रीवास्तव ने बताया कि मुकदमे की वादिनी नजीर फातिमा की भी गवाही होनी थी। लेकिन तबीयत ठीक न होने के कारण वह कोर्ट नहीं आ सकी। उसकी ओर से कोर्ट में एक प्रार्थना पत्र देकर अगली तारीख की मांग की गई है।

कानपुर कचहरी छावनी में तब्दील
मीडिया सूत्रों की मानें तो इरफान का काफिला कानपुर कचहरी के पास जाम में थोड़ी देर के लिए फंसा रहा। वकीलों के प्रदर्शन और सपा विधायक की पेशी को देखते हुए कानपुर कचहरी को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। पुलिस के साथ पीएसी और आरएएफ को भी तैनात किया गया है। कोर्ट के मेन गेट पर भी भारी सुरक्षा बल तैनात है। गैंगस्टर को छोड़कर अन्य मामलों में सुनवाई आज होगी।

जमानत हो चुकी है खारिज
मीडिया सूत्रों की माने तो विधायक इरफान सोलंकी और भाई रिजवान सोलंकी की रंगदारी के मामले में जिला जज की कोर्ट से जमानत अर्जी खारिज हो गई है। ADGC रविंद्र अवस्थी ने बताया कि अभियुक्तगण द्वारा वादी अकील अहमद से रंगदारी की मांग की गई थी। साथ ही जान से मारने की धमकी दी गई। इस मामले में इरफान, भाई रिजवान समेत अन्य लोगों पर रंगदारी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

जमीन पर किया गया था कब्जा
मीडिया सूत्रों की माने तो कोर्ट ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद जमानत अर्जी को खारिज कर दी। बता दें कि वादी मुकदमा के अनुसार, डिफेंस कॉलोनी जाजमऊ निवासी नजीर फातिमा के प्लॉट पर विधायक और उनके गुर्गों द्वारा आगजनी और इसके साथ ही कंघी माहौल निवासी नसीम आरिफ की जमीन पर कब्जा हो गया था। इन दोनों ही मामलों की पैरवी अकील अहमद के द्वारा की जा रही थी। इस पर विधायक और उनके भाई रिजवान के साथ साथ पार्षद मुर्सलीन ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी। इसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। (फोटो-सोशल मीडिया)