Ayodhya News : भक्तों की सुविधा के लिए राम जन्मभूमि पथ का हुआ शुभारम्भ, अब आधा किलोमीटर कम चलना होगा भक्तों को, रामलला के दर्शन को पहुंचेंगे जल्दी, जानें मार्ग में क्या हुआ है बदलाव, देखें वीडियो

July 30, 2023 by No Comments

Share News

Ayodhya News: रामनगरी अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर का निर्माण कार्य धीरे-धीरे पूरा होने वाला है और मंदिर को अब फाइनल टच दिया जा रहा है. इसी बीच मंदिर तक भक्तों के पहुंचने के लिए मार्ग और सुविधाजनक हो गया है. रविवार को राम जन्मभूमि पथ को भक्तों के लिए खोल दिया गया और इसी के साथ अब रामलला के दर्शन करने आने वाले भक्तों के लिए आधा किलोमीटर का मार्ग छोटा हो गया है. यानी अब रामलला के दर्शन करने के लिए भक्तों को आधा किलोमीटर कम चलना पड़ेगा.

इसकी जानकारी रविवार को पत्रकारों से बात करते हुए श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने पत्रकारों को दी. उन्होंने बताया कि, “रामलला के दर्शन करने के लिए पैदल आने वाले यात्रियों की दूरी आधा किलोमीटर कम कर दी गई है. उन्होंने आगे कहा कि, यानी जिस मार्ग से प्रवेश करेंगे वह मार्ग आधा किलोमीटर छोटा हो गया है. अभी तक दर्शन करने वाले को राम कचहरी के सामने से होता हुआ रंग महल के सामने से प्रवेश करके दर्शन मार्ग पर आना पड़ता था, जो कि आधा किलोमीटर अधिक थी, लेकिन अब बिरला मंदिर से नई बनाई जाने वाली सड़क से आना है और अमावा मंदिर के पीछे से होता हुआ दर्शन मार्ग के लिए प्रवेश करेंगे.

उन्होंने बताया कि, पुराना परम्परागत मार्ग मंदिर निर्माण के कार्य में इस्तेमाल होगा. यानी उसे अब हटा दिया जाएगा. साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि, दर्शन करने वालों को आधा किलोमीटर की दूरी पैदल चलने में कम हो गई है और पुलिस के अवरोध भी कम हो गए. इस सड़क तक आने के लिए प्रशासन की रोक-टोक कम हो गई है. उन्होंने ये भी बताया कि, बिरला मंदिर तक लोग अपनी गाड़ी से आ सकते हैं और इसके बाद पैदल चल कर आसानी से मंदिर में प्रवेश कर सकते हैं.