AKTU के छात्रों के लिए बड़ी खबर…अब हिन्दी में कर सकेंगे AI का कोर्स वो भी फ्री में
AKTU News: डॉ0 एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (AKTU) के छात्र अब हिन्दी में एआई (AI) का कोर्स निःशुल्क कर सकेंगे। छात्रों के लिए यह कोर्स एचसीएल गुवी (HCL Guvi) और ओपेन एआई (Open AI) ने एकेटीयू के तत्वावधान में लांच किया है।
मंगलवार को कुलपति प्रो. जेपी पाण्डेय ने विश्वविद्यालय में हिन्दी में एआई का कोर्स दी भारत एआई इनेशिएटिव (The India AI Initiative
) लांच किया। पहले फेज में कंपनी की ओर से एकेटीयू के छात्रों के लिए यह कोर्स उपलब्ध होगा।
आसानी से समझ सकेंगे छात्र
कंपनी की ओर से दिए गए बयान में कहा गया कि उत्तर प्रदेश के छात्रों को देखते हुए कोर्स को हिन्दी में तैयार किया है। ताकि छात्रों को कोर्स आसानी से समझ में आ सके। चूंकि वर्तमान और भविष्य में रोजगार और उद्यमिता के लिए एआई सबसे महत्वपूर्ण तकनीकी है। इसलिए इस कोर्स के जरिए छात्र आसानी से एआई को समझ सकेंगे।
डेढ़ घंटे के कोर्स में एआई एक्सपर्ट छात्रों को चैटजीपीटी टूल्स के सही उपयोग की जानकारी देंगे। एआई टूल्स को निर्देशित करने का सही तरीका बताया जाएगा जिससे कि छात्र इस तकनीकी को बेहतर तरीके से अपने लिए उपयोग कर सकें। साथ ही विभिन्न टूल्स की भी जानकारी दी जाएगी। लांचिंग के दौरान कुलपति प्रो. जेपी पाण्डेय ने कहा कि यह कोर्स विश्वविद्यालय के छात्रों के लिए काफी लाभकारी होगा। खासकर हिन्दी में होने से छात्र आसानी से इसे समझ पाएंगे। शुरूआती चरण में विश्वविद्यालय परिसर में अध्ययनरत छात्रों को कोर्स का एक्सेस मिलेगा। उसके बाद संबद्ध संस्थान के छात्र भी कोर्स निःशुल्क रूप से कर सकेंगे।
आज हर जगह है AI का दखल
सेंटर फॉर एडवांस्ड स्टडीज के निदेशक प्रो. एसपी शुक्ल ने कहा कि आज एआई की दखल हर जगह है। भविष्य में आगे सफलता पाने के लिए इसको अपनाना जरूरी है लेकिन एआई के सही उपयोग पर ज्यादा जोर होना चाहिए। छात्रों के लिए यह दो धारी तलवार है। इसलिए एआई को समाज की समस्याओं के समाधान में लगाना जरूरी है।
10 लाख छात्रों तक ले जाएंगे कोर्स
एचसीएल गुवी के फाउंडर एवं सीईओ अरूण प्रकाश ने विस्तार से कोर्स के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि एआई आज के दौर की जरूरत है। छात्रों को पढ़ाई के साथ प्रोजेक्ट वर्क भी करना चाहिए। उन्होंने छात्रों के सवालों का जवाब भी दिया। उन्होंने कहा कि कंपनी का लक्ष्य 10 लाख छात्रों तक इस कोर्स को ले जाना है। डीन ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट प्रो. अरूणिमा वर्मा ने कहा कि यह कोर्स एकेटीयू के छात्रों को बेहतर बनाने में मदद करेगा। छात्रों की ट्रेनिंग बेहद जरूरी है।
इस मौके पर प्रतिकुलपति प्रो. राजीव कुमार, एसो. डीन इनोवेशन डॉ. अनुज कुमार शर्मा, उप परीक्षा नियंत्रक नेहा श्रीवास्तव, प्रतिभा शुक्ला एवं एचसीएल ग्रुप की एसो. डायरेक्टर जीयूवी कीर्ति कर्म चंदानी, अपूर्व जौहरी, अभिषेक अहलावत, सारांश सक्सेना, यश शर्मा सहित काफी संख्या में छात्र मौजूद रहे।