Mission Indra Dhanush In UP: प्रदेश में चलेगा मिशन इंद्र धनुष, इन जिलों में तीन चरणों में 12.74 लाख बच्चों व 3.88 लाख गर्भवती महिलाओं का होगा टीकाकरण
Mission Indra Dhanush In UP: कोरोना महामारी के कारण बड़ी संख्या में महिलाओं व बच्चों के जन्म के बाद 10 साल तक लगने वाले टीकाकरण नहीं हो सके थे. इसी को देखते हुए प्रदेश में अब मिशन इंद्रधनुष चलाया जाएगा. यह अभियान सोमवार से शुरू हो रहा है. इसके बाद यूपी में सघन मिशन इंद्रधनुष 5.0 के अंतर्गत शून्य से लेकर पांच वर्ष तक के 12.74 लाख बच्चों एवं 3.88 लाख गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण किए जाने का लक्ष्य रखा गया है. इसके अंतर्गत टीबी, मिजल्स- रूबेला, पोलियो, हेपेटाइटिस, गलाघोंटू सहित करीब 12 प्रकार की बीमारियों से बचाव को लेकर टीकाकरण किया जाएगा.
27 जिलों में नोडल अधिकारी किए गए नियुक्त
विशेष प्राथमिकता वाले 27 जिलों में नोडल अधिकारी भी नियुक्त कर दिए गए हैं. स्वास्थ्य विभाग द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में प्रत्येक वर्ष करीब 57 लाख उन बच्चों का जो कि एक साल से छोटे हैं और करीब 64 लाख महिलाओं का टीकाकरण किया जाता है, लेकिन कोरोना महामारी के दौरान बड़ी संख्या में बच्चों एवं महिलाओं का टीकाकरण नहीं हो सका था. ये जानकारी तब सामने आई जब स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सर्वे कराया. प्रदेश में करीब 2.32 करोड़ बच्चों एवं 3.88 लाख गर्भवती महिलाएं कोरोना महामारी के कारण टीका नहीं लगवा सकी थीं.
तीन चरणों में होगा टीकाकरण
जिलों में तीन चरणों में (7-12 अगस्त), (11-16 सितंबर) और (9-14 अक्टूबर) टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा. मिली जानकारी के मुताबिक, पहले चरण में 12.74 लाख बच्चों एवं 3.88 गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है.
इन जिलों पर है विशेष नजर
गोंडा, बहराइच, सीतापुर, अंबेडकरनगर, लखीमपुर खीरी, हरदोई, प्रयागराज,उन्नाव, आगरा, प्रतापगढ़, मथुरा, फिरोजाबाद, एटा, अलीगढ़, आजमगढ़, कासगंज, बरेली, मऊ, सिद्धार्थनगर,बदायूं, जालौन, बांदा, इटावा, कानपुर नगर, मेरठ, फर्रुखाबाद, गाजियाबाद, जीबी नगर, मुरादाबाद, भदोही, संभल जिलों के लिए नोडल अधिकारी नियुक्ति कर दिए गए हैं. वहीं प्रदेश के 10 जिलों में राष्ट्रीय स्तर से पर्यवेक्षक भी इस अभियान पर नगर रखेंगे और टीकाकरण की स्थिति की जांच कराते रहेंगे.