Raksha Bandhan-2023: रक्षाबंधन के दिन रक्षा सूत्र बांधते समय बोलें यह श्लोक, मिलेगी निरोगी काया, देखें राखी बांधने का शुभ मुहूर्त , जानें रक्षासूत्र बनाने की विधि, इस्तेमाल करें ये 5 चीजें
Raksha Bandhan-2023: इस बार 30 अगस्त की शाम और 31 अगस्त की सुबह को रक्षाबंधन मनाया जा रहा है. तो वहीं ज्योतिषाचार्य विनोद कुमार मिश्र पुराणों के आधार पर बता रहे हैं कि भाई को रक्षासूत्र बांधते वक्त अगर भविष्यपुराण में दिया गया श्लोक पढ़ें तो अशुभ कार्यों के साथ ही सम्पूर्ण रोगों का भी नाश होता है क्योंकि रक्षासूत्र सम्पूर्ण रोगों का नाश करता है और पूरे साल उस व्यक्ति की रक्षा होती है, जो रक्षासूत्र बांधता है.
भविष्य पुराण में दिया है कि-
“सर्वरोगोपशमनं सर्वाशुभविनाशनम् ।
सकृत्कृते नाब्दमेकं येन रक्षा कृता भवेत् ।।”
अर्थात इस पर्व पर धारण किया हुआ रक्षासूत्र सम्पूर्ण रोगों तथा अशुभ कार्यों का विनाशक है। इसे वर्ष में एक बार धारण करने से वर्षभर मनुष्य की रक्षा होती हैं।
रक्षा सूत्र बनाने की विधि
इसके लिए 5 वस्तुओं की आवश्यकता होती है –
(1) दूर्वा (घास) (2) अक्षत (चावल) (3) केसर (4) चन्दन (5) सरसों के दाने
आचार्य विनोद कुमार मिश्र बताते हैं कि, इन 5 वस्तुओं को रेशम के कपड़े में लेकर उसे बांध दें या सिलाई कर दें, फिर उसे कलावा में पिरो दें, इस प्रकार राखी तैयार हो जाएगी और फिर इन पांच वस्तुओं से बनी हुई एक राखी को बहनें अपने भाई को, माता अपने बच्चों को, दादी अपने पोते को शुभ संकल्प करके बांधे और ये रक्षासूत्र बांधते वक्त नीचे दिया गया श्लोक बोलें-
“येन बद्धो बलि राजा,दानवेन्द्रो महाबल।
तेन त्वाम प्रतिबध्नामि,रक्षे माचल माचल।।”
देखें रक्षा सूत्र बाँधने का शुभ मुहूर्त
31 अगस्त को प्रातः 05:43 से 7:45 तक रक्षासूत्र बांधने का शुभ मुहूर्त है.
बता दें कि रक्षाबंधन का पर्व प्रतिवर्ष श्रावण- पूर्णिमा को होता है, इस बार 31 अगस्त गुरुवार को रक्षाबंधन है। पूर्णिमा तिथि का समय 30 अगस्त बुधवार को प्रातः 10:58 से 31 अगस्त, गुरुवार को प्रातः 07:05 तक रहेगा। और 30 को ही भद्रा का समय प्रातः 10:12 से रात्रि 8:58 तक है। इसलिए रक्षा सूत्र बांधने का समय 31 अगस्त को प्रातः 05:43 से 7:45 तक रहेगा.
विशेष जानकारी- (31 अगस्त को पूर्णिमा के समाप्ति काल में विभिन्न पंचाङ्गों में मतभेद संभव है इसलिए स्थानीय पंचांगों में उल्लिखित समय का प्रयोग करें और रक्षासूत्र 31 अगस्त को प्रातः ही बांधे )
DISCLAIMER:यह लेख धार्मिक मान्यताओं व धर्म शास्त्रों पर आधारित है। हम अंधविश्वास को बढ़ावा नहीं देते। पाठक धर्म से जुड़े किसी भी कार्य को करने से पहले अपने पुरोहित या आचार्य से अवश्य परामर्श ले लें। KhabarSting इसकी पुष्टि नहीं करता।)