Lucknow: हत्या के केस में जेल में बंद आरोपी की संदिग्ध हालात में मौत, मां ने लगाया ये आरोप
Lucknow: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के जिलाकारागार में बंद हत्यारोपित शानू सिंह की शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. उसकी उम्र 28 वर्ष थी. हत्या के मामले में वह कैंट थाने से जेल भेजा गया था। इस पूरे मामले में पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम के आधार पर मामले में कार्रवाई की जाएगी तो वहीं शानू की मां कलावती ने जांच की मांग करते हुए कहा है कि उनका बेटा स्वस्थ था तो उसकी मौत कैसे हो गई। फिलहाल पुलिस ने हार्ट अटैक से मौत की संभावना जताई है।
मालूम हो कि इस घटना की जानकारी होते ही मौके पर क्षेत्रीय मजिस्ट्रेट पहुंचे। उनके समक्ष पंचनामा भरा गया। मजिस्ट्रेट ने वीडियोग्राफी में पैनल के साथ पोस्टमार्टम कराने के आदेश दिए हैं। एसीपी कैंट अभय कुमार मल्ल ने बताया कि शानू निलमथा का रहने वाला था। उसकी जेल में हालत बिगड़ी थी। जेल कर्मी उसे बलरामपुर अस्पताल लेकर गए थे। जहां, मौत हो गई। पूरे मामले की जांच की जा रही है। तो वहीं मामले को लेकर इंस्पेक्टर गोसाईगंज बृजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। परिवारीजनों के आरोपों की जांच की जा रही है। मृतक की मां कलावती का कहना है कि बेटे की अचानक मौत से उसे बेहद आश्चर्य है. बेटे को कोई बीमारी नहीं थी। तो उसकी मौत कैसे हो गई. अगर वह बीमार था तो पुलिस को अथवा जेल प्रशासन को इसकी जानकारी देनी चाहिए थी. मृतक की मां ने उच्चाधिकारियों से न्याय की अपील की है.
ये भी पढ़ें-Govardhan Puja: संतान सुख के लिए गोवर्धन पूजा पर करें ये सरल उपाय… इन तीन बातों का रखें ध्यान