इस देश की सरकार ने बच्चों के लिए बैन किया Youtube…सामने आई ये बड़ी वजह

July 31, 2025 by No Comments

Share News

Youtube Ban in Australia: ऑस्ट्रेलिया ने 16 साल से कम उम्र के युवाओं की भलाई के लिए बड़ा फैसला करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफार्म यूट्यूब को बैन कर दिया है. हालांकि यहां पर इस उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया को बैन किया गया है और अब यूट्यूब को भी इसी दायरे में ला दिया गया है.

पहले सरकार ने इस प्लेटफॉर्म को लेकर छूट दे रखी थी. माना जा रहा है कि सरकार के इस फैसले के बाद Google की पैरेंट कंपनी Alphabet के साथ कानूनी मतभेद बढ़ने की आशंका बढ़ गई है. गौरतलब है कि पिछले साल जब आस्ट्रेलिया की सरकार ने YouTube को शिक्षकों में इसकी लोकप्रियता के कारण छूट दे दी थी तब Meta, Snapchat और TikTok जैसे अन्य प्लेटफॉर्म्स ने इसका जमकर विरोध किया था और कहा था कि YouTube में भी इंटरैक्टिव फीचर्स और एल्गोरिदम आधारित कंटेंट सजेशन जैसे कई सोशल मीडिया तत्व मौजूद हैं.

प्रधानमंत्री ने कही ये बात

तो वहीं इसको लेकर प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज़ का एक बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें उन्होंने कहा है कि “अब समय आ गया है कि हम इस पर रोक लगाएं.” उन्होंने बच्चों पर चिंता जताते हुए कहा कि “ऑस्ट्रेलियाई बच्चों पर सोशल मीडिया का नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है और हमें उनके हित में सख्त कदम उठाना होगा.” इसी के साथ ही उन्होंने माता-पिता को विश्वास दिलाया है कि उनके साथ सरकार हमेशा खड़ी है.

नुकसान पहुंच रहा है बच्चों को

बता दें कि हाल ही में ऑस्ट्रेलियाई इंटरनेट रेगुलेटर ने एक रिपोर्ट पेश की थी जिसमें कहा गया था कि 37% नाबालिगों को YouTube पर नुकसानदेह कंटेंट का सामना करना पड़ रहा है. यह आंकड़ा अन्य किसी भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से अधिक है. इसी रिपोर्ट को आधार बनाते हुए सरकार को YouTube को भी बैन करने की सिफारिश की गई थी.

बता दें कि ये कानून नवंबर में पास हुआ है और इसके मुताबिक, सोशल मीडिया कंपनियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि 16 साल से कम उम्र के बच्चे उनके प्लेटफॉर्म से दूर रहें. अगर वे ऐसा नहीं करते हैं तो उन पर 49.5 मिलियन ऑस्ट्रेलियन डॉलर तक का जुर्माना लगाया जा सकता है.

अब केवल ये लोग ही देख सकेंगे YouTube

आस्ट्रेलिया में बैन लागू होने के बाद नाबालिग बच्चे खुद YouTube अकाउंट नहीं चला सकेंगे बल्कि शिक्षक या माता-पिता की मदद से वीडियो देख सकेंगे. ऑस्ट्रेलियन प्राइमरी प्रिंसिपल्स एसोसिएशन की प्रमुख एंजेला फाल्केनबर्ग ने कहा कि शिक्षक हमेशा सही और अच्छे कंटेंट का ही चयन करेंगे.

Alphabet से एक बार फिर से टकराव की आशंका

जहां एक ओर आस्ट्रेलिया की सरकार से YouTube एक बार फिर कानूनी लड़ाई की तैयारी करने में जुट गया है तो वहीं पहले भी Alphabet ऑस्ट्रेलिया में कानून को लेकर पहले भी टकरा चुका है. क्योंकि उसे न्यूज कंटेंट के बदले मीडिया को भुगतान करने के लिए मजबूर किया गया.हालांकि YouTube ने कोर्ट केस की पुष्टि अभी तक नहीं की है.

YouTube ने दी सफाई

YouTube ने सफाई देते हुए कहा कि यह सोशल मीडिया नहीं है. यह प्लेटफॉर्म मुख्य रूप से वीडियो साझा करने के लिए बना है. एक तरह से यह वीडियो लाइब्रेरी है जिसे टीवी पर भी लोग देखते हैं. इसे सोशल मीडिया की श्रेणी में नहीं रखना चाहिए. कंपनी के प्रवक्ता ने ये जानकारी सोशल मीडिया पर शेयर की है.

ये भी पढ़ें-शक्तिशाली भूकंप से कांपा रूस फिर भी डॉक्टर करते रहे ऑपरेशन, Video वायरल; कई देशो में जारी हुई सुनामी की चेतावनी