“बेहद शर्मनाक बयान…! आप तो सफेद झूठ…अपनी निगाह में…” सीएम योगी पर अखिलेश यादव का बड़ा आरोप-Video
Akhilesh Yadav: सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर सपा प्रमुख व यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने सीएम योगी आदित्यनाथ का एक वीडियो शेयर किया है जिसमें वह कहते दिख रहे हैं कि हम लोग जब आए थे तब एक भी सिटी में मेट्रो का संचालन नहीं होता था, आज 6 सिटी में यूपी के अंदर मेट्रो का संचालन हो रहा है.
सीएम योगी के इस बयान को लेकर अखिलेश यादव ने इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा है, “बेहद शर्मनाक बयान! आज तो झूठ भी अपने आप को लज्जित महसूस कर रहा होगा। इतना बड़ा झूठ भी नहीं बोलना चाहिए कि इंसान औरों की ही नहीं अपनी निगाह में भी गिर जाए। सफ़ेद झूठ बोलने से व्यक्ति की गरिमा भी गिरती है और उन सभी पदों की प्रतिष्ठा और मान-मर्यादा भी जिन पर वो बैठता है। सत्ता का ऐसा भी क्या लालच कि उस बात को झूठ बताना जिसके प्रमाण हर तरह से सार्वजनिक रूप से उपलब्ध हैं और जनता ने जिसका ख़ुद साक्षात अनुभव किया हो। इतना बड़ा झूठ बोलना तभी संभव होता है जब व्यक्ति या तो चेतना खो दे या सच्चाई या अपने आदर्श और सत्य के संस्कार।
ऐसे महाझूठ वक्ता दरअसल अपने लोगों को महामूर्ख समझते हैं। वो मानते हैं कि उनके अनुयायी उनकी हर बात को सच ही मानेंगे लेकिन ऐसा होता नहीं है। भाजपा और उनके संगी-साथियों और वाहिनीवादियों की सोच ही यही है कि झूठ बोलकर अपने लोगों को ठगो। आज तो भाजपाई गुट के वो सब लोग शर्म से ज़मीन में गड़ गये होंगे जो ऐसे लोगों के लिए हर तर्क-कुतर्क से बाज नहीं आते थे और इनकी ईमानदारी की गारंटी देते थे।
अपनी नहीं तो पद की गरिमा का ही मान रखिए। वैसे उनसे सच की उम्मीद करना बेकार है जो महाकुंभ जैसे पावन और धार्मिक अवसर पर सनातनी हिंदुओं की मृत्यु पर झूठ बोलने का घोर पाप कर चुके हैं। आज सत्य अपने आप को कितना बौना महसूस कर रहा होगा।” अपनी पोस्ट के साथ ही अखिलेश यादव ने उस समय अखबारों में लिखी खबरों को भी शेयर किया है जब वह सीएम थे और मेट्रो में उन्होंने अपने परिवार के साथ सफर किया था.
बेहद शर्मनाक बयान!
आज तो झूठ भी अपने आप को लज्जित महसूस कर रहा होगा।
इतना बड़ा झूठ भी नहीं बोलना चाहिए कि इंसान औरों की ही नहीं अपनी निगाह में भी गिर जाए। सफ़ेद झूठ बोलने से व्यक्ति की गरिमा भी गिरती है और उन सभी पदों की प्रतिष्ठा और मान-मर्यादा भी जिन पर वो बैठता है। सत्ता का… pic.twitter.com/0MKnNmsAYx
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) September 18, 2025
जानें क्या कहा था सीएम योगी ने?
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज दोपहर लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस की और मीडिया से बात करते हुए कहा कि साल 2017 में उनकी सरकार बनने के बाद से यूपी में कितना विकास हुआ है। उन्होंने इस मौके पर मेट्रो, हवाई अड्डों और एक्सप्रेसवे नेटवर्क के विस्तार जैसे बड़े बदलावों के बारे में बात की। वह बोले कि 2017 से पहले यूपी में एक भी शहर में मेट्रो का संचालन नहीं होता था लेकिन उत्तर प्रदेश के छह शहरों में अब मेट्रो चल रही है। उन्होने ये भी कहा कि यूपी में मेट्रो नेटवर्क 147.446 किलोमीटर का है। लखनऊ मेट्रो का दूसरा चरण (फेज-1बी) चारबाग से वसंतकुंज तक 11.165 किलोमीटर का होगा, जिसकी लागत 5,801.05 करोड़ रुपये है। इसे पूरा होने में पाँच साल लगेंगे।
मीडिया से बात करते हुए वह बोले कि लखनऊ मेट्रो 2017 में शुरू हुई थी। 2018 में लखनऊ मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन का नाम बदलकर उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन किया गया, ताकि ये पूरे यूपी के मेट्रो प्रोजेक्ट्स को देख सके। वह आगे बोले कि कानपुर मेट्रो 2021 में शुरू हुई और सिर्फ 24 महीनों में बनकर तैयार हो गई, जो दुनिया में सबसे तेजी से बना मेट्रो प्रोजेक्ट है।
साथ ही उन्होंने कहा कि आगरा मेट्रो को प्राथमिकता कॉरिडोर में मार्च 2024 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुरू की. उन्होंने आगे कहा कि नोएडा मेट्रो भी दिल्ली एनसीआर के बड़े नेटवर्क का हिस्सा है, जिसे एक्वा लाइन कहते हैं। वह बोले कि आगरा, गोरखपुर, वाराणसी और मेरठ में मेट्रो प्रोजेक्ट्स बन रहे हैं या प्लानिंग के आखिरी चरण में हैं। बरेली, झाँसी और प्रयागराज जैसे शहरों में भी मेट्रो का विस्तार होगा।
ये भी पढ़ें-PM मोदी की मां के AI Video पर पटना हाईकोर्ट का बड़ा आदेश…कांग्रेस-भाजपा में छिड़ी जंग