Lucknow:  CMS के अन्तर्राष्ट्रीय विज्ञान एवं पर्यावरण ओलंपियाड में गूंजी नेपाल के छात्रों की मन की बात

October 14, 2025 by No Comments

Share News
Lucknow: सिटी मोन्टेसरी स्कूल (CMS) आनन्द नगर कैम्पस द्वारा चार दिवसीय अन्तर्राष्ट्रीय विज्ञान एवं पर्यावरण ओलम्पियाड (यूरेका-2025) का भव्य उद्घाटन आज सायं सीएमएस कानपुर रोड ऑडिटोरियम में हुआ। इस भव्य समारोह में राकेश सचान, कैबिनेट मंत्री, खादी एवं ग्रामोद्योग, उप्र मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे.  अजीत कुमार शसानी, डायरेक्टर, सीएसआईआर एनबीआरआई, विशिष्ट अतिथि के रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज करायी।
इस अवसर पर सी.एम.एस. छात्रों ने नेपाल समेत देश के विभिन्न प्रान्तों से पधारे छात्रों व उनके शिक्षकों के सम्मान में शिक्षात्मक-साँस्कृतिक कार्यक्रमों की अनूठी छटा प्रस्तुत कर सभी का दिल जीत लिया। यूरेका-2025 का आयोजन 14 से 17 अक्टूबर तक सी.एम.एस. कानपुर रोड ऑडिटोरियम में किया जा रहा है।

पर्यावरण दुनिया की बड़ी समस्या है

उद्घाटन समारोह में बोलते हुए मुख्य अतिथि व कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने कहा कि मुझे प्रसन्नता है कि इस अन्तर्राष्ट्रीय ओलम्पियाड के माध्यम से सी.एम.एस. छात्रों को पर्यावरण योद्धा बना रहा है और पर्यावरण सरंक्षण के लिए प्रेरित कर रहा है। वह आगे बोले कि छात्र शक्ति व युवा जोश का सम्मिलित प्रयास ही दुनिया को पर्यावरण जैसी विषम समस्या से उबार सकता है।
 विशिष्ट अतिथि अजीत कुमार शसानी, डायरेक्टर, सी.एस.आई.आर-एन.बी.आर.आई, ने कहा कि प्रतियोगिताओं के माध्यम से भावी पीढ़ी को पर्यावरण जैसे महत्वपूर्ण विषय पर जागरूक करना अत्यन्त प्रशंसनीय है। निश्चित ही इस ओलम्पियाड के माध्यम से सी.एम.एस. भावी पीढ़ी के उज्जवल भविष्य की आधारशिला रख रहा है।
इससे पहले, सी.एम.एस. प्रबन्धक प्रो. गीता गाँधी किंगडन ने मुख्य अतिथि समेत अन्य गणमान्य अतिथियों का स्वागत किया. इस मौके पर उन्होंने कहा कि सी.एम.एस. का मानना है कि  विश्व मानवता के उज्जवल भविष्य में भावी पीढ़ी की भागीदारी सर्वाधिक महत्वपूर्ण है, ऐसे में यह अन्तर्राष्ट्रीय ओलम्पियाड संयुक्त राष्ट्र संघ के सतत विकास के लक्ष्यों के अनुरूप भावी पीढ़ी को समाज का एक जिम्मेदार एवं प्रर्यावरण के प्रति जागरूक नागरिक बनाने में अत्यन्त महत्वपूर्ण है।
 यूरेका-2025 की संयोजिका एवं सी.एम.एस. आनन्द नगर कैम्पस की प्रधानाचार्या त्राप्ती द्विवेदी ने कहा कि पर्यावरण को शुद्ध बनाये रखने के लिए जन-जन को सक्रिय सहयोग की महती आवश्यकता है। यह ओलम्पियाड छात्रों को बदलते पर्यावरण की नवीनतम जानकारियों से अवगत कराने के साथ ही पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सक्रिय भागीदारी का आह्वान करता है।
इससे पहले यूरेका-2025 के प्रतिभागी छात्र अपरान्हः सत्र में आयोजित एक प्रेस कान्फ्रेन्स में पत्रकारों से रूबरू हुए एवं दिल खोलकर अपने विचार व्यक्त किए। पत्रकारों से बातचीत करते हुए दुर्गा शैक्षिक गृह, नेपाल से पधारे छात्रों ने कहा कि इस ओलम्पियाड में हम स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के लिए तो आये ही हैं. इसी के साथ ही पर्यावरण संवर्धन के प्रति हम सभी नये-नये विचारों से अवगत हो सकेंगे।

नेपाल के छात्रों ने रखे अपने विचार

नेपाल से ही पधारे ग्रीन फील्ड वर्ल्ड स्कूल के छात्रों ने कहा कि इस ओलम्पियाड में पधारे विभिन्न देशों के छात्रों के साथ विचारों का आदान-प्रदान करने से अपनी प्यारी धरती के गर्भ में छिपे संसाधनों से परिचित होने में अत्यधिक सफलता मिलेगी। रूस्तमजी इण्टरनेशनल स्कूल, महाराष्ट्र के छात्रों ने कहा कि यह ओलम्पियाड पर्यावरण के प्रति छात्रों को जागरूक करने में यह विशेष मददगार साबित होगा। इसी तरह देश के विभिन्न प्रान्तों से पधारे छात्रों का मानना था कि पर्यावरण को साफ-सुथरा तथा हरा-भरा बनाये रखना हम सभी का दायित्व है।

कल ये होगा आयोजन

सीएमएस के हेड, कम्युनिकेशन्स ऋषि खन्ना ने बताया कि यूरेका-2025 में प्रतियोगिताओं का सिलसिला कल 15 अक्टूबर को प्रातः 10.00 बजे से सी.एम.एस. कानपुर रोड ऑडिटोरियम में प्रारम्भ होगा। कल आयोजित  होने वाली प्रतियोगिताओं में फुटलूज (साइन्स कोरियोग्राफी), टच माई शैडो (मल्टीमीडिया प्रजेन्टेशन), वॉइस ओवर (अवेयरनेस कैम्पेन), इको-मर्चेन्ट (एड एण्ड जिंगल मेकिंग) आदि प्रमुख हैं।