Govardhan Puja: गोवर्धन की पूजा करें इन मंत्रों के साथ…जीवन में सुख-समृद्धि और बेहतर स्वास्थ्य के लिए करें ये आसान उपाय

October 21, 2025 by No Comments

Share News

Govardhan Puja: प्रत्येक वर्ष कार्तिक मास की प्रतिपदा तिथि के दिन गोवर्धन पूजा करने की परम्परा चली आ रही है.दिवाली के अगले दिन इस त्योहार को मनाया जाता है.यह त्योहार भगवान श्री कृष्ण को समर्पित है। इस दिन गोबर का गोवर्धन बनाकर उनकी विधि-विधान से पूजा की जाती है और व्रती महिलाएं मंत्र का जाप करती हैं.

इस तरह करें गोवर्धन पूजा

इस दिन सबसे पहले यानी सुबह ही घर के मुख्य द्वार को अच्छी तरह साफ करें और वहां गाय के गोबर से गोवर्धन भगवान की प्रतिमा बनाएं. इसी के साथ ही, गाय, बैल आदि की आकृतियां भी बनाएं. पूजा की थाली में चावल, रोली, बताशे, खीर, जल, दूध आदि रखें। यह पूजा सुबह से लेकर शाम तक की जाती है.शाम को गोवर्धन भगवान के सामने एक दीप जलाएं.

दीपक जलाने के बाद ‘गोवर्धन धराधार गोकुल- त्राणकारक, विष्णुबाहुकृतोच्छ्राय गवां कोटिप्रदो भव।’ मंत्र का जाप करें और फिर पुष्प अर्पित करें।
इसके साथ ही प्रार्थना भी करें और प्रार्थना करते वक्त ‘लक्ष्मीर्या लोकपालानां धेनुरूपेण संस्थिता, घृतं वहति यज्ञार्थे मम पापं व्यपोहतु।’ मंत्र बोलें।

इसके बाद गोवर्धन भगवान की पूजा में ‘ओम नमः श्री वासुदेवाय, ओम गोवर्धनाय नमः, ओम श्री गोवर्धनाय नमः।’ मंत्र का जाप करें। आचार्य सुशील कृष्ण शास्त्री बताते हैं कि मंत्रों का जाप करने के बाद गोवर्धन महाराज को भोग लगाएं और इसके बाद प्रसाद सभी को बांट दें। मान्यता है कि विधि-विधान से गोवर्धन की पूजा करने से शुभ फल की प्राप्ति होती है और भगवान श्रीकृष्ण की कृपा सदैव बनी रहती है.

भोग

बता दें कि गोवर्धन पूजा को अन्नकूट भी कहा जाता है. इस दिन भगवान श्रीकृष्ण को छप्पन भोग लगाने का प्रचलन है. हालांकि गोवर्धन महाराज को कुछ चीजों को भोग जरूर लगाना चाहिए. यानी जितनी आपकी क्षमता हो.साग, दाल, भात, कढ़ी के साथ ही खीर, पूड़ी, हलवा, पेड़ा, बर्फी, लड्डू जलेबी आदि के साथ ही फलों में अनार, सीताफल, केले आदि का भोग लगाना चाहिए तो वहीं सब्जियों में मूली की सब्जी व साग, बैंगन आदि मौसमी सब्जियों का भोग के साथ मीठी, खट्टी चटनी, मुरब्बा जैसी खट्टी-मीठी चीजों का भी भोग लगाना चाहिए. इस तरह से अलग-अलग पकवान, भोजन, मिष्ठान, फल आदि के साथ गोवर्धन भगवान को भोग लगाना चाहिए.

ऐसे करें गोवर्धन पूजा

मान्यता है कि जीवन में अगर आपको किसी तरह की समस्या है या फिर किसी तरह की परेशानी का सामना कर रहे हैं तो गोवर्धन पूजा करने से आपके जीवन में परिवर्तन आ सकता है. धार्मिक मान्यता के अनुसार, गोवर्धन की पूजा के लिए चावल के आटे से तीन चिड़िया बनानी चाहिए और उन्हें पानी में उबाल लें। अब एक चिड़िया गाय को खिलाएं, दूसरी छत पर पक्षियों के लिए रख दें और तीसरी माता लक्ष्मी को अर्पित करना चाहिए. मान्यता है कि इस उपाय को करने से जीवन के कष्ट दूर होते हैं और घर-परिवार में सुख-समृद्धि आती है.

गोवर्धन पूजा के दिन बरगद की छाल का उपाय भी आप कर सकते हैं. मान्यता है कि अगर घर में किसी का स्वास्थ्य खराब चल रहा है या तबियत खराब रहती है तो गोवर्धन पूजा के दिन बरगद की छाल को पानी में उबाल लें और उससे स्नान करें. माना जाता है कि इससे स्वास्थ्य अच्छा बना रहता है. स्नान करते वक्त मन में एकाग्रता के साथ श्रीकृष्‍ण का सुमिरन करते रहें यानी नाम जप करें. हालांकि अगर आपको बरगद की छाल से कोई एलर्जी है या स्वास्थ्य अत्यधिक खराब है तो इसका उपाय न करें या फिर इसके लिए पहले आप अपने चिकित्सक से परामर्श ले लें. फिलहाल ये एक परम्परागत तरीका है.

DISCLAIMER:यह लेख धार्मिक मान्यताओं व धर्म शास्त्रों पर आधारित है। हम अंधविश्वास को बढ़ावा नहीं देते। किसी भी धार्मिक कार्य को करते वक्त मन को एकाग्र अवश्य रखें। पाठक धर्म से जुड़े किसी भी कार्य को करने से पहले अपने पुरोहित या आचार्य से अवश्य परामर्श ले लें। KhabarSting इसकी पुष्टि नहीं करता।)

ये भी पढ़ें-Govardhan Puja: इस शुभ मुहूर्त में करें गोवर्धन की पूजा…पढ़ें श्रीकृष्ण चालीसा