Lucknow: सड़क हादसों में कमी लाने के लिये लखनऊ मंडलायुक्त ने अधिकारियों को दिए ये निर्देश
Lucknow: मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता में आज मण्डलीय सड़क सुरक्षा समिति एवं यातायात/ट्रैफिक व्यवस्था सुगम व सुदृढ़ बनाने को लेकर महत्वपूर्ण बैठक हुई. स्मार्ट सिटी कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में संयुक्त पुलिस आयुक्त बब्लू कुमार, अपर जिलाधिकारी, अपर नगर आयुक्त, पीडब्लूडी, एमडी सिटी ट्रांसपोर्ट, आरटीओ व पुलिस विभाग सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
इस मौके पर मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि यातायात व्यवस्था को सुगम और सुचारू रूप से संचालन किया जाये। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक नियमों का अनुपालन कठोरता से कराया जाना सुनिश्चित किया जाये। अधिकांश सड़क दुघर्टनाएं ट्रैफिक नियम की अनदेखी से होती हैं। लिहाजा दुपहिया वाहन चालक हेलमेट पहनकर ही सड़क पर बाईक चलाये।
बिना सीट बेल्ट चार पहिया वाहन न चलाएं, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करे। यातायात नियमों का पालन करने से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। उन्होंने कहा की जरूरत के दृष्टिगत ब्लैकटॉप बढ़ाने का कार्य, डिवाईडर बनाने का कार्य प्राथमिकता पर किया जाए। पुलिस पेट्रोलिंग हॉटस्पॉट वाले एरिया में नियमित रूप से भ्रमणशील रहे।
मंडलायुक्त ने उपस्थित संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि चौराहों पर अनाधिकृत रूप से टेंपो/टैक्सी न पार्क होने दे। चौराहे से 100 मीटर की दूरी पर टेम्पो/टैक्सी द्वारा सवारी उतारने और बैठाने का कार्य कराया जाना सुनिश्चित किया जाए, जिससे चौराहो पर जाम से निजात मिल सके। उन्होंने आरटीओ को निर्देश दिया कि जनपद के विद्यालयो में रजिस्टर वाहनों का फिटनेस शतप्रतिशत होना चाहिए।
इसमें किसी प्रकार की लापरवाही व शिथिलता बर्दाश्त नही की जाएगी। पब्लिक ट्रांसपोर्ट के समस्त व्हीकल में फायर सेफ्टी उपकरण को लेकर चेकिंग अभियान चलाया जाए।
गुड सेमेरिटन योजना की समीक्षा के दौरान मंडलायुक्त ने कहा कि इस योजना का उद्देश्य आम जनता को आपातकालीन स्थितियों में सड़क दुर्घटना पीड़ितों की मदद करने के लिए प्रेरित करना तथा निर्दोष लोगों की जान बचाने के लिए दूसरों को प्रेरित और प्रोत्साहित करना है। उक्त के पश्चात उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत सड़क दुर्घटना पीड़ितो की मदद करने वाले लोगों को बुलाकर जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक द्वारा सम्मानित कराया जाए। हाईवे के किनारे वाले प्राइवेट ट्रामा सेंटर (अस्पताल) को सड़क दुर्घटना में पीड़ितों के कैशलेस उपचार के लिए सूचीबद्ध कराया जाए।
बैठक के दौरान मंडलायुक्त ने कहा कि मंडल के समस्त जनपदों में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने, हेतु “मण्डलीय सड़क सुरक्षा समिति” की बैठक के जारी कार्यवृत्त में विशेष रूप से ब्लैक स्पॉट्स का चिन्हांकन करके आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये थे। उपरोक्त के संदर्भ में अभी तक क्या कार्यवाही की गई है, इसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों से लिया।
संबंधित अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों में ब्लैक स्पाट्स का चिन्हींकरण जनपद के आरटीओ, ट्रैफिक पुलिस, लोक निर्माण विभाग व स्थानीय प्रशासन द्वारा करा लिया गया है। ब्लैक स्पाट्स के सही चिन्हांकन के पश्चात् टीम द्वारा उसके निदान के लिये Signage लगाना, सड़क चौड़ीकरण, अतिक्रमण हटाना, सड़क की मरम्मत करना, डिवाइडरों का निर्माण, स्ट्रीट लाइट लगवाना, ट्रैफिक पुलिस की व्यवस्था करना आदि का विवरण तैयार कर कार्य योजना के तहत कार्य किया जा रहा है। मंडलायुक्त ने प्रस्तुत कार्य योजना के अनुसार सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों को ब्लैक स्पॉट्स के निदान के लि निर्देशित करते हुए कहा कि ब्लैक स्पॉट के समस्त कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराया जाना सुनिश्चित किया जाये.
ये भी पढ़ें-स्वादिष्ट हलवे ने नष्ट कर दी ऋषि की तपस्या…प्रेमानन्द महाराज ने आंख खोल देने वाली दी सीख; देखें पूरा Video