ऐ बूढ़ा इतने जूते मारूंगी…कहने वाली महिला दारोगा पर हुई कड़ी कार्रवाई-Video
Unnao: सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें एक महिला पुलिस अधिकारी कहते दिख रही हैं कि ” ऐ बूढ़ा इतने जूते मारूंगी, शक्ल भूल जाओगी. तुम्हारे बाप के नौकर नहीं है.“ यह वीडियो उन्नाव से सामने आय़ा है. पुलिस मैम सदर कोतवाली में तैनात महिला दरोगा उमा अग्रवाल हैं. इस वीडियो के वायरल होते ही एक बार फिर से खाकी के व्यवहार को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं.
दरअसल महिला दारोगा उमा अग्रवाल डकौली गांव में एक मुकदमे से जुड़े नोटिस की तामील कराने के लिए पहुंची थीं. इसी दौरान किसी ने महिला दारोगा के इस गैरजिम्मेदाराना व्यवहार का वीडियो बना कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. वीडियो एसपी जयप्रकाश सिंह तक पहुंचा तो उन्होंने सीओ दीपक यादव को जांच सौंप दी और जांच रिपोर्ट के आधार पर महिला दरोगा पर कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
तो वहीं इस सम्बंध में उन्नाव पुलिस ने इसी वायरल वीडियो पर एक पोस्ट शेयर करते हुए कहा है कि वायरल वीडियो को संज्ञान मे लेकर उपरोक्त महिला उपनिरीक्षक को लाइन हाजिर कर दिया गया है तथा प्रकरण की जांच सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर द्वारा की जा रही है, जांच मे प्रकाश मे आए तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्यवाही की जायेगी.
महिला ने दर्ज कराई थी रिपोर्ट
दरअसल बंदूहार गांव की रहने वाली रिंकी ने डकौली गांव में रहने वाले अपने पति अमित कुमार, सास छेदाना, ससुर प्रेम, देवर विशाल और ननद पूनम पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसी की जांच करने के लिए 28 नवंबर की शाम उमा अग्रवाल रिंकी के साथ डकौली गांव पहुंचीं थीं और वहां रिंकी की सास छेदाना देवी (60) और उमा अग्रवाल के बीच तीखी बहस हो गई.
छेदाना देवी ने पुलिस पर बार-बार परेशान करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि एक कागज पर साइन करने के लिए कह रहे थे. मैंने मना किया तो पुलिस मैडम भड़क गईं. कहा- इतना जूता लगाएंगे की शक्ल भूल जाओगी.
उमा अग्रवाल ने लगाई थी फटकार
इस सम्बंध में कोतवाली पुलिस ने मीडिया को दिए बयान में कहा है कि जब उमा अग्रवाल वहां कार्रवाई के लिए गई थीं तो लोग आक्रोशित हो गए और उनके विरोध में जोर-जोर से चिल्लाने लगे. इसी दौरान रिंकी पर हमला करने की भी कोशिश की गई. स्थिति को काबू में करने के लिए उमा अग्रवाल ने डांट-फटकार लगाई.
पुलिस ने दावा किया कि वीडियो पूरे घटनाक्रम को नहीं दिखाता है. इसको केवल एक छोटा हिस्सा रिकॉर्ड करके वायरल किया गया है. उन्होंने डकौली गांव में किसी प्रकार की अभद्रता नहीं की बल्कि मुकदमे से जुड़े लोगों को शांत कराने के लिए जरूरी कदम उठाया. दूसरी ओर ग्रामीणों ने महिला दारोगा से माफी मांगने की मांग की है.
रायबरेली से आईं ट्रांसफर होकर
उमा अग्रवाल 2 साल पहले ही रायबरेली से ट्रांसफर होकर उन्नाव में तैनाती मिली थी. पहले वह शहर कोतवाली की कांशीराम और फिर मगरवारा पुलिस चौकी में इंचार्ज की तैनाती मिली. पहले भी एक मामले में लापरवाही के कारण उनको लाइन हाजिर किया जा चुका है. इसके बाद सदर कोतवाली में उन्हें इसी साल मार्च में तैनाती मिली. फिलहाल मामले की जांच जारी है.
ऐ बूढ़ा इतने जूते मारूंगी,शक्ल भूल जाओगी.तुम्हें बाप के नौकर नहीं है. पुलिस मैडम यूपी उन्नाव सदर कोतवाली में तैनात महिला दरोगा उमा अग्रवाल हैं.मित्र पुलिस के इसी रूप से हमें डर लगता हैं? pic.twitter.com/Jc0Es5V6X1
— Tushar Rai (@tusharcrai) November 29, 2025
ये भी पढ़ें-बैंड-बाजे के साथ दुल्हन बारात लेकर पहुंची दुल्हे के घर…और बदल डाला रिवाज; Video देख हर कोई चौंका