ब्राह्मण विधायकों की बैठक के बाद यूपी में सियासी भूचाल…सपा ने दिया ये खुला ऑफर-Video

December 24, 2025 by No Comments

Share News

UP Politics Brahmin MLAs Meeting In Lucknow: उत्तर प्रदेश में ब्राह्मण विधायकों की बैठक ने सियासी भूचाल ला दिया है. हर राजनीतिक दल में इसको लेकर खूब चर्चा हो रही है तो इसी बीच समाजवादी पार्टी ने बड़ा ऑफर देते हुए ब्राह्मणों को सपा में शामिल होने का न्योता दिया है और कहा है कि पूरा सम्मान किया जाएगा. 

बता दें कि कल यानी मंगलवार की शाम को यूपी विधानसभा के शीतकालीन सत्र के बीच ब्राह्मण विधायकों की बड़ी बैठक कुशीनगर के भाजपा विधायक पीएन पाठक (पंचानंद पाठक) के लखनऊ आवास पर हुई. इस मीटिंग को सहभोज नाम दिया गया. इस मौके पर बड़ी संख्या में उत्तर प्रदेश के विधायकों के साथ ही एमएलसी भी शामिल हुए. कुल मिलाकर इस बैठक में पूर्वांचल और बुंदेलखंड के विधायक भी शामिल हुए.

तो वहीं पत्रकार से विधायक बने शलभमणि त्रिपाठी के साथ ही मिर्जापुर से विधायक रत्नाकर मिश्रा व एमएलसी उमेश द्विवेदी की भी इस बैठक में मुख्य भूमिका रही. साथ ही प्रेम नारायण पांडे,  श्रीप्रकाश द्विवेदी, विनय द्विवेदी, MLC साकेत मिश्रा,  विवेकानंद पांडे, ऋषि त्रिपाठी, रमेश मिश्रा, अंकुर राज तिवारी, राकेश गोस्वामी और कैलाश नाथ शुक्ला सहित करीब 40 से 50 विधायक व एमएलसी शामिल हुए. हालांकि बैठक में विपक्ष के विधायकों के शामिल होने की जानकारी फिलहाल अभी तक सामने नहीं आई है लेकिन इस बैठक की चर्चा ने यूपी की सियासत में हड़कंप मचा दिया है. 

माना जा रहा है कि कुछ IAS, IPS अफसरों की मनमानी और बदजुबानी पर खुलकर चर्चा हुई तो प्रशासनिक रवैये को लेकर भी विधायकों में नाराज़गी भी देखने को मिली तो वहीं आपसी समन्वय और संवाद की कमी पर भी चिंता जताई गई साथ ही ब्राह्मणों के एक होने की बात पर जोर दिया गया.

हर महीने होगी इस तरह की मीटिंग 

सूत्रों की मानें तो अब हर महीने इस तरह की बैठक होने को लेकर ब्राह्मण विधायकों में सहमति बनी है. तो वहीं सूत्रों की मानें तो इस बैठक में चर्चा का विषय ये रहा कि जाति की राजनीति में ब्राह्मणों की आवाज लगातार दबती जा रही है. सूत्रों की मानें तो इस बैठक में चिंता जताई गई कि लगातार राजनीति में ब्राह्मण के मुद्दों पर ठीक से ध्यान नहीं दिया जा रहा है. यही वजह है कि ब्राह्मण पीछे रह जा रहे हैं. 

क्षत्रिय के साथ अन्य जातियों के विधायकों की भी हो चुकी है बैठक

इससे पहले ठाकुर विधायकों ने भी बैठक की थी जिसे कुटुंब नाम दिया गया था. तो वहीं इससे पहले कुर्मी और लोध कम्युनिटी के विधायक भी इस तरह की बैठक कर चुके हैं. हालांकि अन्य जातियों की बैठकों को लेकर उतनी चर्चा नहीं हुई जितनी कि ब्राह्मण विधायकों की बैठक को लेकर की जा रही है. इस बैठक ने लखनऊ से लेकर दिल्ली तक की राजनीति में बड़ा मैसेज दिया है तो वहीं कैबिनेट के संभावित विस्तार को देखते हुए भी इस बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है. 

शिवपाल सिंह यादव ने चला दांव

सोशल मीडिया पर सपा के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें वह मीडिया से बात करते हुए ब्राह्मणों को सपा ज्वाइन करने का खुला ऑफर देते हुए दिख रहे हैं. शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि ब्राह्मण विधायकों की मीटिंग के बारे में हमें तो मीडिया से ही पता चला है. मैं उनको समाजवादी पार्टी में आने का न्योता देता हूं. उनका पूरा सम्मान किया जाएगा.  

ये भी पढ़ें-बांग्लादेश में हिंसा…एक हिंदू युवक को जला डाला जिंदा; मीडिया सहित कई इमारतों को किया आग के हवाले, रूह कंपा देने वाले Videos वायरल