एकेटीयू और नेशनल फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी साथ मिलकर करेंगे ये काम
AKTU News: डा0 एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (AKTU) और नेशनल फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी गांधीनगर के बीच मंगलवार को गांधीनगर में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की उपस्थिति में कुलपति प्रोफेसर जेपी पांडे ने एमओयू पर हस्ताक्षर किया.
साझेदारी के तहत दोनों विश्वविद्यालय संयुक्त रूप से शिक्षा, शोध, अनुसंधान, नवाचार और उद्यमिता के क्षेत्र में मिलकर काम करेंगे. फॉरेंसिक के क्षेत्र में नई तकनीकी का आदान प्रदान किया जाएगा. एकेटीयू आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, थ्री डी प्रिंटिंग, नैनो टेक्नोलॉजी जैसी नई उभरती तकनीकी के जरिये सहयोग प्रदान करेगा. विश्वविद्यालय के विशेषज्ञ इन तकनीकी के उपयोग में मदद करेंगे.
विश्वविद्यालयों की शिक्षण, अनुसंधान, नवाचार और उद्यमिता गतिविधियों में सामान्य रूप से और विशेष रूप से फोरेंसिक जीवविज्ञान और सीरोलॉजी, फोरेंसिक रसायन विज्ञान और विष विज्ञान तथा संदिग्ध दस्तावेजों और फिंगरप्रिंट जांच के क्षेत्र में रुचि को बढ़ावा देने पर जोर दिया जाएगा. साथ ही शिक्षकों और छात्रों के लिए कार्यशालाएं, फैकेल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम आदि का भी आयोजन होगा. एकेटीयू नेशनल फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी गांधीनगर को इनक्यूबेशन और उद्यमिता के क्षेत्र में सहयोग देगा.
इसी के साथ ही टीम ने राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय का भी भ्रमण किया. यहां स्थापित प्रयोगशालाओं सहित अन्य उपक्रमों की कार्यप्रणाली को जाना और भविष्य में संयुक्त रूप से नवाचार शोध में कार्य करने पर सहमति बनी. इस दौरान अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रोफेसर ओ पी सिंह, एसो0 डीन इनोवेशन डा0 अनुज कुमार शर्मा, हेड इन्नोवेशन हब महीप सिंह मौजूद रहे.
ये भी पढ़ें-गर्भवती पत्नी को युवक रात 10 बजे ले जा रहा था अस्पताल…लेकिन पुलिस ने रोकी कार और बटोरी प्रशंसा-Video