शहीद पिता को अंतिम विदाई देने पहुंची 8 घंटे पहले जन्मी बेटी…पत्नी को लाया गया स्ट्रेचर पर; रूह कंपा देने वाला Video वायरल

January 12, 2026 by No Comments

Share News

Pramod Jadhav Family Tragedy: महाराष्ट्र के सातारा से रूह को कंपा देने वाली घटना सामने आई है. इससे जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर जिस किसी ने भी देखा उसका कलेजा फट गया और आंखें नम हो गईं. दरअसल सेना के जवान प्रमोद परशुराम जाधव अपनी गर्भवती पत्नी की डिलीवरी के लिए छुट्टी पर आए थे लेकिन वह सड़क हादसे का शिकार हो गए और उनकी मौत हो गई. इसके बाद परिवार में कोहराम मच गया.

सैनिक की मौत के बाद उनकी पत्नी ने दूसरे दिन बेटी को जन्म दिया तो वहीं पति को अंतिम विदाई देने के लिए पत्नी को अस्पताल से स्ट्रेचर पर लाया गया और 8 घंटे पहले जन्मी बच्ची को भी लाया गया. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर जिस किसी ने भी देखा वह रो पड़ा और यही कहता रहा कि भगवान ये दिन किसी को भीदिखाए.

साल भर पहले हुआ था विवाह

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जवान प्रमोद परशुराम जाधव सातारा तालुका के अरेड़ गांव के रहने वाले थे. उनकी शादी साल भर पहले हुई थी. वह हाल ही में गर्भवती पत्नी की डिलीवरी कराने के लिए आठ दिनों की छुट्टी लेकर घर आए थे. परिजनों ने बताया कि वह अपने आने वाले बच्चे को लेकर बहुत खुश थे और कहते थे कि सबसे पहले वह अपने बच्चे को गोद में लेंगे. इसीलिए वह लगातार अस्पताल में रुकने की बात कर रहे थे लेकिन किस्मत ने कुछ अलग ही खेल कर दिया और वह अपने बच्चे का मुंह तक नहीं देख सके.

ट्रक ने मार दी थी टक्कर

बता दें कि शुक्रवार रात यानी 9 जनवरी को प्रमोद की पत्नी को डिलीवरी के लिए सातारा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था. तो वहीं वह रात करीब 11:30 बजे वाढे फाटा से सातारा की ओर जा रहे थे. इसी दौरान पुराने आरटीओ ऑफिस चौक के पास उनकी बाइक को एक पिकअप ट्रक ने तेजी से टक्कर मार दी जिससे प्रमोद सड़क पर गिर पड़े और सिर में गंभीर चोटें आई. इस घटना में उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया.

दूसरे दिन बेटी का हुआ जन्म

इस घटना के दूसरे दिन यानी शनिवार 10 जनवरी की सुबह बेटी का जन्म हुआ. जवान प्रमोद के शहीद होने के बाद से ही घर में मातम पसरा हुआ है. जहां कुछ घंटे पहले ही घर में नए मेहमान के आने की खुशी थी तो वहीं जाधव के शहीद होने के बाद पूरा घर शोक में डूब गया. जवान प्रमोद अपनी बेटी का चेहरा भी नहीं देख सके. इस दुखद घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है. तो वहीं सोशल मीडिया पर जिस किसी ने इस घटना के बारे में सुना उसकी भी आंखों से आंसू निकल पड़े.

ये भी पढ़ें-महिला ने देर रात मंगाया रैट किल… Blinkit डिलीवरी बॉय ने दरवाजे पर पहुंच कर भी नहीं दिया; जमकर हो रही तारीफ-Video