लॉ कॉलेज में लड़की की हत्या… आरोपी छात्र ने खुद को भी मारी गोली-Video
Punjab Tarntaran Law College Video: सोशल मीडिया पर एक सीसीटीवी फुटेज तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें साफ दिख रहा है कि क्लास रूम में कुछ छात्र-छात्राएं मौजूद हैं. इसी दौरान एक लड़का बैग से पिस्टल निकाल कर पहले लड़की को गोली मारता है फिर खुद को भी मार लेता है. घटना के बाद क्लास रूम में हड़कंप मच जाता है.
यह वीडियो पंजाब के तरनतारन जिले के उस्मा गांव में स्थित एक लॉ कॉलेज का है. ये पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई. मृतक लड़की की पहचान लॉ स्टूडेंट संदीप कौर के तौर पर हुई. उसके सिर में आरोपी छात्र ने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी इसके बाद उसने खुद भी गोली मार ली जिससे वो भी मौके पर ही मर गया. घटना के बाद से ही कॉलेज में दहशत का माहौल है.
सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया है. मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तो वहीं मृतक स्टूडेंट का परिवार न्याय की मांग करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है तो चौंकाने वाली बात ये है कि घटना के बाद से ही कॉलेज एडमिनिस्ट्रेशन फरार है. इस पर कई सवाल उठ रहे हैं.
“क्लास रूम में मर्डर.. फिर सुसाइड..”
दिल दहला देने वाला ये वीडियो पंजाब के एक लॉ कॉलेज का है.. क्लासरूम में दो छात्राएं हैं.. एक बैठी है, दूसरी उसके बगल में खड़ी है.. सामने एक युवक खड़ा है.. छात्राओं की तरफ पीठ करके.. युवक के पास एक नीले रंग का बैग है जिसमें से वो कुछ निकालता… pic.twitter.com/g3no0VWVpz— Vivek K. Tripathi (@meevkt) February 9, 2026
किसी से नहीं था कोई झगड़ा
मृतक छात्रा की मां हरजिंदर कौर का एक बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें उन्होंने दावा किया है कि उनकी मृतक बेटी संदीप कौर का किसी से कोई झगड़ा नहीं था. वह सुबह अच्छे ढंग से घर से तैयार होकर गई थी. दोपहर में कॉलेज की मैडम ने फोन कर बताया कि आपकी बेटी को बहुत चोट लगी है, जल्दी आओ.
इस पर वह कॉलेज पहुंची तो देखा कि उनकी बेटी की मौत हो चुकी है. मां ने बिलखते हुए बताया कि उनकी बेटी का पूरा शव खून से लथपथ था और उसके दिमाग में गोली मारी गई थी. मां ने आगे बताया कि उनको मालूम हुआ है कि तरनतारन के लड़के ने उनकी बेटी पर गोली चलाई थी. पिस्टल भी अंदर ही पड़ा हुआ मिला है. मालूम हो कि मृतक छात्रा के पिता की मौत पहले ही हो चुकी है और उसकी 6 बहने हैं और एक छोटा भाई है.
पुलिस ने दी बड़ी जानकारी
घटना को लेकर सोशल मीडिया पर ACP जगबीर का बयान वायरल हो रहा है. उन्होंने बताया कि लड़की बैंच पर बैठी थी और अभी क्लास शुरू नहीं हुई थी कि तभी लड़का लड़की के पास पहुंचता है और कुछ बात होती है इसके बाद लड़का पहले लड़की को गोली मारता है और फिर खुद भी गोली मार लेता है. दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन दोनों की मौत हो गई. पुलिस जांच कर रही है कि आरोपी युवक पिस्टल कहां से लाया था इसकी जांच की जा रही है. उसके पिता के पास लाइसेंसी पिस्टल तो नहीं है. अगर ऐसा न हुआ तो फिर यह पिस्टल अवैध हो सकता है. फिलहाल पुलिस कई बिंदुओं पर मामले की जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें-भारत में चार तरह के हिंदू हैं, कौन है असली…? RSS मोहन भागवत ने बताया-Video