खोला बड़ा घोटाला…7 गोलियां खाई और अब IAS रिंकू सिंह राही ने दे दिया इस्तीफा…उठक-बैठक लगाने का Video वायरल

March 31, 2026 by No Comments

Share News

IAS Rinku Singh Rahi: उत्तर प्रदेश की एक बड़ी खबर सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है. दरअसल यूपी कैडर के 2023 बैच के IAS अधिकारी रिंकू सिंह राही ने अपने पद से इस्तीफा देते हुए प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि उनको काम करने का अवसर नहीं दिया गया और संवैधानिक व्यवस्था के समानांतर एक अलग सिस्टम चल रहा है. वह वर्तमान में राजस्व परिषद से संबद्ध थे.

बता दें कि इससे पहले भी रिंकू सिंह राही कई बार सुर्खियां बटोर चुके हैं. वह जब शाहजहांपुर में एसडीएम के पद पर तैनात थे और वहां वकीलों का एक प्रदर्शन हो रहा था तब धरनास्थल पर वह सभी के सामने उठक-बैठक करने लगे थे. इनका ये वीडियो अभी भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. तो वहीं इस घटना के बाद सरकार ने उन्हें अटैच कर दिया था और तब से उन्हें नई पोस्टिंग नहीं मिली थी.

तो वहीं अब राही ने सिस्टम के खिलाफ कड़ा कदम उठाया है और उचित माध्यम से राष्ट्रपति को अपना इस्तीफा भेज दिया है. साथ ही लिखा है कि एसडीएम रहते हुए की गई कार्रवाई के बाद उन्हें साइडलाइन कर दिया गया. उन्होंने ये भी कहा कि उन्हें वेतन तो मिल रहा था, लेकिन जनसेवा का मौका नहीं मिल पा रहा था. उन्होंने अपने इस्तीफे को नैतिक निर्णय कहा है.

इसके अलावा उन्होंने अपने तकनीकी त्याग पत्र में ये भी लिखा है कि मुझे पहले की तरह समाज कल्याण विभाग की सेवा में भेजने की कृपा करें.

घोटाला उजागर करने के बाद हुआ था हमला

गौरतलब है कि साल 2009 में राही मुजफ्फरनगर में समाज कल्याण अधिकारी थे और इसी दौरान उन्होंने करीब 100 करोड़ का एक घोटाला उजागर किया था. इसके बाद उनके ऊपर जानलेवा हमला हुआ था. हमले के दौरान उनको सात गोलियां लगी थीं और वह गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद वह बच गए और हो गए थे लेकिन जिंदगी की जंग वह हारे नहीं और स्वस्थ्य हो गए. समाज कल्याण विभाग में सेवा में रहते हुए ही उनका 2023 में आईएएस सेवा के लिए चयन हुआ था.

आईएएस एसोसिएशन को भी लिखा है पत्र

राही ने आईएएस एसोसिएशन को पत्र लिखते हुए कहा है कि “मैं अत्यंत विनम्रतापूर्वक यह मार्गदर्शन चाहता हूं कि मेरी इस प्रार्थना के विचाराधीन रहते हुए, जिसमें मैंने IAS ( भारतीय प्रशासनिक सेवा) से त्यागपत्र देकर सामाजिक कल्याण विभाग में अपने पूर्व कनिष्ठ पद पर पुनः कार्यभार ग्रहण करने की इच्छा व्यक्त की है. मुझे IAS एसोसिएशन से निष्कासन प्राप्त करने की प्रक्रिया क्या है.”

इसके आगे लिखा है कि मैं यह अनुरोध इस वजह से कर रहा हूं कि एसोसिएशन ने मेरे जैसे कनिष्ठ अधिकारियों के नैतिक एवं कर्तव्यनिष्ठ चिंताओं के प्रति लगातार उदासीनता प्रदर्शित की. जो संस्थागत विवेक के क्रमिक क्षरण को दर्शाती है तथा उस संवैधानिक नैतिकता को कमजोर करती है जिसे यह सेवा बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है. इसी पत्र में आगे लिखा है कि इसका मनोबल पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है, विशेषकर उन अधिकारियों पर जो निकट भविष्य में इस सेवा में प्रवेश करने वाले हैं. बता दें कि राही के कई पुराने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं.

ये भी पढ़ें-Petrol Diesel Crisis: पेट्रोल-डीजल और गैस की किल्लत के बीच सीएम योगी का बड़ा बयान…”हमको मानसिक रूप से तैयार होना होगा”