क्या राघव चड्ढा जाने वाले हैं BJP में…? आम आदमी पार्टी से तकरार के बीच आतिशी के इन सवालों से लगने लगे कयास-Video

April 3, 2026 by No Comments

Share News

Raghav Chadha Vs AAP:  आम आदमी पार्टी (AAP) में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है. ये बात उस समय जगजाहिर हो गई जब पार्टी ने अपने ही राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा को राज्यसभा में उपनेता के पद से हटा दिया और संसद में उनको बोलने का मौका न दिया जाए इसको लेकर आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय को पत्र लिखा और सदन में अपने डिप्टी लीडर राघव चड्ढा को उनके पद से हटाने का आग्रह करते हुए मांग की कि उनको सदन में न बोलने दिया जाए.

बता दें कि पार्टी ने एक पत्र राज्यसभा सचिवालय को लिखा है, जिसमें राघव चड्ढा की जगह अशोक मित्तल को डिप्टी स्पीकर बनाने का अनुरोध किया है साथ ही पार्टी के कोटा से भी राघव चड्ढा को न बोलने देने की अपील की है. बता दें कि अशोक मित्तल पंजाब से आम आदमी पार्टी के सांसद हैं और वह अप्रैल 2022 में राज्यसभा में चुन कर पहुंचे थे. तब से ही वह कई संसदीय समितियों के सदस्य रह चुके हैं. उनको भारत-अमेरिका संसदीय मैत्री ग्रुप का फरवरी 2026 में सदस्य बनाया गया है तो वहीं वह इससे पहले रक्षा समिति, वित्त समिति प्रमुख  की जिम्मेदारी निभा चुके हैं.

राघव चड्ढा ने लगाए ये आरोप

सोशल मीडिया पर राघव चड्ढा का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें उन्होंने सीधे तौर पर तो नहीं लेकिन इशारों में अपनी बात रखते हुए पार्टी पर कई सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने अपनी बात को खत्म करते हुए कहा कि ‘मेरी खामोशी को मेरी हार मत समझ लेना, मैं वो दरिया हूं जो वक्त आने पर सैलाब बनता है’. उनकी इस बात से स्पष्ट होता है कि वो भी पार्टी से बगावत के मूड में हैं जैसे पहले भी पार्टी के कई बड़े नेता कर चुके हैं.

यहां बता दें कि राघव चड्ढा वायरल वीडियो में कहते दिख रहे हैं कि उन्होंने हमेशा संसद में जनता के मुद्दे उठाए हैं. अब उनके अधिकार छीने जा रहे हैं. उन्होंने ये भी कहा कि संसद में उनके हस्तक्षेप प्रतिदिन की चिंताओं पर केंद्रित होते हैं. मसलन हवाई अड्डों पर खाने की अधिक कीमतें, डिलीवरी कर्मचारियों के सामने आने वाली चुनौतियां, भोजन में मिलावट, टोल व बैंकिंग शुल्क, कंटेंट बनाने वालों पर पड़ने वाले टैक्स आदि के मुद्दे के साथ ही टेलीकॉम कंपनियों की 12 महीने में 13 महीने रिजार्च कराने आदि का मुद्दा. उन्होंने जोर देते हुए कहा कि ये मुद्दे जनता के हित के हैं भला इन मुद्दों को उठाने से पार्टी को कैसे नुकसान हो सकता है.

पार्टी की ओर से आतिशी ने खड़े किए ये सवाल

राघव चड्ढा की प्रतिक्रिया सामने आने के कुछ ही देर बाद सोशल मीडिया पर आतिशी का वीडियो वायरल हुआ है जिसमें उन्होंने राघव चड्ढा से सवाल पूछते हुए कहा कि “मैं राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा से कुछ सवाल पूछना चाहती हूं.’ आगे वह कहते दिख रही हैं कि आप बीजेपी से इतने डरे हुए क्यों हैं? आप बीजेपी से सवाल पूछने से क्यों डरते हैं? आप मोदी से सवाल पूछने से क्यों डरते हैं?”

आतिशी ने आगे कहा कि “आज हमारा देश एक बहुत बड़े संकट का सामना कर रहा है. आज हमारे देश का लोकतंत्र खतरे में है. आज हमारे देश का संविधान खतरे में है. उन्होंने आगे कहा कि आज हमारी आंखों के सामने चुनाव आयोग का दुरुपयोग किया जा रहा है और पश्चिम बंगाल का चुनाव छीना जा रहा है लेकिन आप इस पर सवाल नहीं उठा रहे हैं. आप इस पर बोलने से डर रहे हैं.

आपने महाभियोग प्रस्ताव पर साइन करने से किया मना

आतिशी ने चड्ढा पर ये भी आरोप लगाया कि हम सब ने देखा कि किस तरह से दिल्ली में वोटों की गिनती गलत तरीके से करके भाजपा के अधिकारियों ने गलत वोट बनाकर चुनाव चुरा लिया और आज इसी तरह से पश्चिम बंगाल में भी किया जा रहा है. आज लगातार चुनाव आयोग का दुरुपयोग किया जा रहा है लेकिन जब तृणमूल कांग्रेस और पूरा विपक्ष चुनाव आयोग के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लेकर आया तब आप उस पर हस्ताक्षर  नहीं करते और ऐसा करने से मना कर देते हैं.

सिलेंडर पर कुछ नहीं बोले

आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी ने गैस सिलेंडर और महंगाई के मुद्दे पर कहा, आज देश में आम आदमी के सामने सबसे बड़ा संकट गैस सिलेंडर का लेकिन इस पर आपने कुछ नहीं बोला. आप एक बड़े आदमी हैं, आप राज्यसभा के सदस्य हैं. हो सकता है आपको कोई समस्या न हो लेकिन एक आम परिवार, एक छोटा घर या कॉलोनी में रहने वाला परिवार अपने बच्चों के लिए खाना बनाने में तमाम दिक्कतों का सामना कर रहा है.

‘लंदन जाने पर उठाया सवाल
आतिशी ने राघव के लंदन जाने को लेकर भी सवाल खड़े किए. वह बोलीं ‘मुझे याद है जब अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया गया था उस वक्त हम सब सड़कों पर लड़ रहे थे और पुलिस हमें घसीट रही थी पीट रही थी और हमें जबरन ले जा रही थी. दिल्ली के अलग-अलग थानों में हमें रखा गया-नरेला, बवाना.

उन्होंने आगे कहा कि हम हर दिन सड़कों पर संघर्ष करते रहे थे लेकिन तब आप लंदन में थे और तब आपने कहा था कि आप अपनी आंखों के ऑपरेशन के लिए गए हैं. तब मीडिया ने हमसे कई सवाल पूछे थे और तब हमने मीडिया से बार-बार यही कहा कि राघव चड्ढा डरे हुए नहीं हैं लेकिन आज मैं इस बात पर भी सोचने के लिए मजबूर हूं कि  जब अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया गया था क्या तब भी आप बीजेपी से डरे हुए थे? क्या आप डर के कारण लंदन चले गए थे?”

बता दें कि राजनीति गलियारों में इसी को बात को सही कहा जा रहा है कि केजरीवाल और चड्ढा में तभी दरार पड़ गई थी जब राघव लंदन चले गए थे और केजरीवाल जेल में थे. राघव अपनी पत्नी परिणीति के साथ लंदन में घूमते व मस्ती करने की फोटो सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे थे. लोकसभा चुनाव में भी राघव को पंजाब से दूर रखा गया था. औपचारिक तौर पर वह श्री आनंदपुर साहब सीट पर एक बार दिखे थे. राजनीतिक विश्लेषकों का इस पर मानना है कि पिछले कुछ दिनों से राघव चड्ढा पार्टी के अहम मुद्दों पर अपेक्षाकृत काफी शांत दिखाई दे रहे थे.

आतिशी का ये बयान सामने आने के बाद से राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय है कि राघव जल्द ही भाजपा ज्वाइन करने वाले हैं. हालांकि राघव ने अभी तक इस चर्चा पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.

ये भी पढ़ें-विधायक को मिली 3 साल की सजा…25 साल पुराने केस में बड़ा फैसला; जानें क्या है मामला?