स्कूल में अचानक लगा दिया गया ताला…शिक्षकों के साथ बच्चे भी बैठे धरने पर; अखिलेश ने साधा निशाना-Video

Share News

Lucknow: सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें बड़ी संख्या में बच्चे और शिक्षक दिख रहे हैं और विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. ये वीडियो समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट किया है और भाजपा सरकार को निशाने पर लिया है.

यह वीडियो उत्तर प्रदेश के लखनऊ के नरही (हजरतगंज) क्षेत्र से सामने आया है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ये स्कूल 90 साल पुराना है. दरअसल विद्या मंदिर गर्ल्स हाई स्कूल को एक संपत्ति विवाद के चलते प्रशासनिक आदेश के बाद खाली कराकर बंद कर दिया गया है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस स्कूल के बंद होने के बाद करीब ढाई सौ से ज्यादा छात्राओं की पढ़ाई अधर में लटक गई है.

तो वहीं इस कार्रवाई के खिलाफ अब अभिभावक व शिक्षक विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. बता दें कि एडीएम (पूर्वी) के एक आदेश के बाद पुलिस बल की मौजूदगी में विद्यालय को खाली कराया गया है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्कूल प्रबंधन ने आरोप लगाया है कि कार्रवाई के दौरान स्कूल का फर्नीचर, कंप्यूटर और दस्तावेज को बाहर निकाल कर फेंक दिया गया.

इसी के साथ ही स्कूल प्रबंधन ने ये भी आरोप लगाया है कि स्कूल खाली करने के लिए उनको कोई भी नोटिस तक नहीं दिया गया और न ही कोई जानकारी दी गई. स्कूल प्रबंधन का कहना है कि जमीन पर मालिकाना हक को लेकर स्कूल और कुछ लोगों के बीच विवाद चल रहा है, जिसका मामला जिला अदालत में विचाराधीन है और जिसकी अगली सुनवाई जुलाई में होने वाली है लेकिन इससे पहले ही स्कूल को खाली करा कर ताला बंद कर दिया गया.

मिली जानकारी के मुताबिक, ये स्कूल साल 1936 से संचालित हो रहा है. इस स्कूल में लगभग 250 छात्राएं पढ़ती हैं. शिक्षकों और परिजनों का कहना है कि ये स्कूल अचानक बंद हो गया है जिससे सवाल खड़ा होता है कि अब छात्र कहां पढ़ेंगे?

अखिलेश यादव ने साधा निशाना

इस स्कूल के अचानक बंद होने के बाद यूपी में सियासत तेज हो गई है. इसको लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक्स पर एक वीडियो शेयर किया है और लिखा है विशेष कृपा प्राप्त लोगों ने नराई, लखनऊ में स्कूल की ज़मीन पर क़ब्ज़ा करके स्कूल बंद करा दिया है. बच्चों की पुकार सुननेवाला कहीं कोई ‘संवेदनशील-सहृदय’ है? घोर निंदनीय!

ये भी पढ़ें-‘बेहद शर्मनाक…’ राम मंदिर चंदे पर अखिलेश यादव ने करोड़ों की गड़बड़ी का लगाया आरोप…संत ने किया पलटवार-Video