Shakuntala University: सीयूईटी के जरिए स्नातक प्रवेश के लिए 15 जुलाई से शुरू होंगे आवेदन… 25 जुलाई तक भर सकेंगे फॉर्म
Shakuntala University: डॉ. शकुन्तला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय (Dr. Shakuntala Mishra National Rehabilitation University) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के तहत सीयूईटी के माध्यम से स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 15 जुलाई से शुरू होगी। इच्छुक अभ्यर्थी 25 जुलाई तक विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर आवेदन कर सकेंगे। यह जानकारी प्रवेश निदेशक प्रो. अनामिका चौधरी ने दी।
उन्होंने मीडिया को जानकारी दी कि सक्षम स्तर से अनुमोदन मिलने के बाद विश्वविद्यालय ने सीयूईटी-यूजी समर्थ पोर्टल के जरिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने का फैसला लिया है. इस प्रवेश प्रक्रिया के तहत बीए, बीएससी, बीएससी (कंप्यूटर साइंस एंड इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी), बीटेक, बीबीए, बीकॉम, बीफार्मा, बीकॉम एलएलबी (ऑनर्स), बैचलर इन प्रोस्थेटिक्स एंड ऑर्थोटिक्स (BPO) तथा बैचलर ऑफ विजुअल आर्ट्स (BVA) स्नातक पाठ्यक्रमों में आवेदन किए जा सकेंगे।
प्रो. अनामिका चौधरी ने इस सम्बंध में जानकारी दी कि दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए पंजीकरण शुल्क 100 रुपये और गैर-दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 200 रुपये निर्धारित किया गया है। प्रवेश से संबंधित विस्तृत जानकारी और प्रॉस्पेक्टस विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है। किसी भी प्रकार की सहायता के लिए अभ्यर्थी हेल्पलाइन नंबर 8887222060 या ई-मेल admission@dsmnru.ac.in पर संपर्क कर सकते हैं।
निर्धारित समय सीमा के अंदर आवेदन करें अभ्यर्थी
कुलपति आचार्य संजय सिंह ने कहा कि “विश्वविद्यालय का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण और समावेशी उच्च शिक्षा को अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक पहुंचाना है। पारदर्शी एवं समयबद्ध प्रवेश प्रक्रिया के माध्यम से योग्य अभ्यर्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। अभ्यर्थी निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करें। प्रवेश संबंधी सभी जानकारी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट से प्राप्त कर सकते हैं।”
ये भी पढ़ें-थाने के अंदर महिला फरियादी से दुर्व्यवहार और गाली-गलौज का आरोप…पीड़िता का Video वायरल