12 साल के बच्चे को मार के खा गया मगरमच्छ…नदी पर गया था हाथ-मुंह धोने; विचलित कर सकता है VIDEO
Bahraich: सोशल मीडिया पर विचलित कर देने वाला एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें साफ दिख रहा है कि नदी में एक मगरमच्छ बच्चे को मार रहा है. यह वीडियो उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से सामने आया है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बौंडी थाना क्षेत्र के मुरौवा गांव में घाघरा यानी सरयू नदी के किनारे 12 साल का मासूम सुनील हाथ पांव धोने के लिए गया था.
इसी बीच मगरमच्छ ने उस पर हमला बोल दिया और उसे नदी के बीच में घसीट कर ले गया व जिंदा निगल लिया. इस खौफनाक मंजर का वीडियो जिस किसी ने भी देखा उसकी रूह कांप गई. पूरे गांव में इस घटना के बाद से कोहराम मचा हुआ है.
खबरों के मुताबिक, बच्चे के सिर से पहले ही माता-पिता का साया उठ चुका था. वह अपने चाचा विजय राज सिंह के साथ रहता था. पूरी घटना को लेकर विजय राज सिंह रोते हुए कहते हैं कि गुरुवार को वह सुनील के साथ खेत में धान की रोपाई करने के लिए गए थे. शाम को जब काम खत्म हो गया तब सुनील हाथ-मुंह धोने के लिए नदी किनारे गया. इसी दौरान झाड़ियों में कहीं मगरमच्छ छिपा हुआ था उसने उस पर हमला कर दिया.
उन्होंने बताया कि भतीजे की चीख सुनकर वह तुरंत नदी में कूद गए लेकिन मगरमच्छ ने सुनील का हाथ पकड़ लिया और उसे खींचने लगा. करीब सात मिनट तक मगरमच्छ से लड़ा और बच्चे को छुड़ाने का प्रयास करता रहा लेकिन मगरमच्छ की ताकत इतनी अधिक थी कि मैं हार गया और मगरमच्छ नदी के बीच में सुनील को ले जाकर मार डाला.
देर रात करीब 10:30 बजे नदी से सुनील का शव ग्रामीणों ने बरामद किया. मगरमच्छ ने उसका पेट और एक पैर पूरी तरह से खा लिया था. शुक्रवार सुबह पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. तो वहीं ये घटना पूरे गांव में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग डरे हुए हैं. तिंकुरी और आसपास के तटीय गांवों में लोगों के बीच भय का माहौल है. लोग अब नदी के किनारे स्थित अपने खेतों में भी जाने से घबरा रहे हैं.
वहीं वन क्षेत्राधिकारी मोहम्मद शाकिब का बयान सामने आया है. उन्होंने कहा है कि सरयू नदी के किनारे बसे सभी गांवों में मुनादी (ढिंढोरा) पिटवाया जा रहा है और लोगों को नदी से दूर रहने की सख्त हिदायत दी जा रही है. उन्होंने ये भी बताया कि नदी किनारे चेतावनी बोर्ड लगाने का निर्देश दे दिया गया है व अतिरिक्त गश्त बढ़ाया जा रहा है. आदमखोर मगरमच्छ को पकड़ने के लिए जाल भी लगाने का निर्देश दिया गया है. गांव वालों को डरने की जरूरत नहीं है. जल्द ही मगरमच्छ को पकड़ लिया जाएगा.
वीडियो बहराइच का बताया जा रहा है जिसमें नदी में मगरमच्छ आ गया और उसमें नहा रहे बच्चे को मगरमच्छ ने निगल लिया आप सभी लोगों से निवेदन है कि बारिश के समय भरे हुए पानी,तालाब और नदियों में जाने से बचें आपकी एक गलती और आप अपनी जान से हाथ धो बैठेंगे। pic.twitter.com/QxmmPH20um
— Anuj Shukla (@AnujShukla00009) July 17, 2026
ये भी पढ़ें-भगवान श्रीकृष्ण को मौलाना ने कहा पांच वक्त का नमाजी…प्रदर्शन के बाद हिंदू संगठन ने दर्ज कराई FIR-Video