बुजुर्ग महिलाओं को किशोर ने डंडे से पीटा…Video वायरल होने के बाद वृद्धाश्रम सील

July 30, 2026 by No Comments

Share News

Indore News: सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें साफ दिख रहा है कि एक नाबालिग लड़का कुछ बुजुर्गों को डंडे से मार रहा है. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स लड़के के खिलाफ लगातार कार्रवाई करने की मांग कर रहे हैं.

दावा किया जा रहा है कि ये वीडियो इंदौर में “महाराणा प्रताप वेलफेयर सोसाइटी” के नाम से संचालित हो रहे एक वृद्ध आश्रम का है. आरोप है कि यहां पर एक नाबालिग लड़का अक्सर बुजुर्गों के साथ मारपीट करता है और बुजुर्ग सब कुछ चुपचाप सहन कर रहे हैं, क्योंकि इसके अलावा उनके पास कोई विकल्प नहीं है.

सोशल मीडिया पर वायरल खबरों के मुताबिक, ये वृद्धाश्रम बाणगंगा क्षेत्र में स्थित है. इस शर्मनाक घटना का वीडियो सामने आने के बाद कलेक्टर के सख्त निर्देश पर एसडीएम, महिला एवं बाल विकास विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचे और जांच करने के बाद वृद्धाश्रम सील कर दिया है. मालूम हो कि इस वृद्धाश्रम में 31 बुजुर्ग रह रहे थे.

अवैध रूप से संचालित हो रहा था वृद्धाश्रम

एसडीएम निधि वर्मा का बयान इस सम्बंध में सामने आया है. उन्होंने बताया है कि वृद्धाश्रम अवैध रूप से चल रहा था.प्रारंभिक जांच में आश्रम में कई अनियमितताएं पाई गई हैं. इसलिए आश्रम को सील कर दिया गया है. तो वहीं सभी बुजुर्गों को सामाजिक न्याय विभाग द्वारा पंजीकृत अन्य सुरक्षित वृद्धाश्रमों में शिफ्ट कर दिया गया है.

संचालिका के खिलाफ दर्ज हुई रिपोर्ट

तो वहीं वृद्धाश्रम की संचालिका नीलम दुबे के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कर दी गई है और आगे की कार्रवाई जारी है. तो वहीं संचालिका ने बचाव करते हुए आरोपी लड़के को मानसिक रूप से अस्वथ्य बताया है. उनका दावा है कि घटना के समय वह गुरु पूर्णिमा की पूजा में सम्मिलित होने के लिए कुछ समय के लिए आश्रम से बाहर गई थीं.

संचालिका ने कहा कि कुछ महीने पहले ही लड़के की मां का निधन हुआ है और किसी आपसी विवाद के बाद यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना सामने आई है.

पुलिस जुटी है जांच में

पूरे मामले को लेकर एसीपी रुबीना मिजवानी का कहना है कि वायरल वीडियो को लेकर पुलिस गहन जांच कर रही है और सभी बिंदुओं को बारीकी से समझा जा रहा है. जांच पूरी होने के बाद कानून के तरह कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें-रक्षाबंधन से पहले ही महिलाओं के खाते में आएंगे ₹ 2500…इस राज्य की सरकार ने की घोषणा; नई योजना को मिली कैबिनेट की मंजूरी