Raksha Bandhan: रक्षाबंधन पर ऑनलाइन खरीदारी करते वक्त रहें सावधान…साइबर अपराधी सक्रिय
Raksha Bandhan: इस बार भाई-बहनों का पवित्र त्योहार रक्षाबंधन 28 अगस्त को मनाया जाएगा. इस दिन बहनें भाई की कलाई पर राखी बांधकर माथे पर रोचना लगाती हैं और मिठाई खिलाकर भगवान से भाई की दीर्घायु की प्रार्थना करने के साथ ही भाई से रक्षा का वचन भी लेती हैं तो वहीं भाई भी बहन के लिए हर क्षण खड़े रहने के लिए वचनबद्ध रहते हैं. साथ ही बहनों को गिफ्ट आदि भी देते हैं.
आजकल ऑनलाइन शॉपिंग का दौर होने की वजह से ठगी और साइबर फ्रॉड जमकर हो रहा है. तो वहीं सोशल मीडिया पर खबरें वायरल हो रही हैं जो ऑनलाइन शॉपिंग के दौरान होने वाले फ्रॉड से आपको बचने का संदेश दे रही हैं. रक्षाबंधन पर राखी से लेकर गिफ्ट आदि की खरीदारी ऑनलाइन भी बहुत ही ज्यादा होती है जिसका फायदा सबसे अधिक स्कैमर्स उठाते हैं. वे बहुत ही सस्ते सामान, बड़े डिस्काउंट और फ्री गिफ्ट्स का लालच देते हैं जिससे लोग फंस जाते हैं और बड़ी ठगी का शिकार हो जाते हैं.
कई बार तो नकली वेबसाइट बना कर अपराधी लोगों को शिकार बनाते हैं. तो कभी व्हॉट्सएप पर लिंक भेजा जाता है. तो वहीं कुछ मामलों में पैसे लेने के बाद सामान भेजने की बात कही जाती है. त्योहार के वक्त तो वे आसानी से लोगों को शिकार बनाते हैं. ऐसे में थोड़ा सावधान रहें और इन खास बातों का ध्यान जरूर रखें, ताकि आप किसी भी तरह के फ्रॉड में न फंस जाएं.
इन बातों का रखें ध्यान
ऑफर और नकली वेबसाइट से सावधान रहें. किसी भी वेबसाइट से सामान लेने से पहले उसका नाम और पता ठीक से देख लें.
अगर वेबसाइट का नाम किसी बड़ी कंपनी जैसा दिख रहा है लेकिन उसमें छोटी-सी भी गलती है तो सावधान हो जाएं.
तुरंत बहुत ज्यादा सस्ता सामान देखकर ऑर्डर करने से बचें. पहले उस कंपनी के बारे में पता करें, उसके रिव्यू देखें, फोन नंबर और सामान वापस करने के नियम भी ध्यान से चेक कर लें.
WhatsApp, SMS या सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले अनजान लिंक से बचें और इनसे खरीदारी न करें. कंपनी की असली वेबसाइट या उसके ऐप से ही सामान लें ताकि फ्रॉड से बच सकें
जब किसी को पैसा दें तो किसी अनजान व्यक्ति या वेबसाइट को अपना OTP, CVV, कार्ड नंबर, बैंक की जानकारी या UPI PIN आदि की जानकारी शेयर न करें.
इस बात को हमेशा याद रखें कि UPI PIN पैसे लेने के लिए नहीं बल्कि पैसे भेजने की मंजूरी देने के लिए होता है.
इसलिए ध्यान रखें कि अगर कोई कुछ भी कहे लेकिन QR कोड स्कैन करके या UPI PIN डालकर पेमेंट ना करें.
अगर आपको कोई फोन करके तुरंत पैसे भेजने का दबाव बनाता है तो पहले उसकी बात की जांच कर लें क्योंकि रक्षाबंधन के त्योहार पर कूरियर के नाम पर भी फर्जी मैसेज आ सकते हैं.
इस तरह के मैसेज में ये कहा जा सकता है कि आपका गिफ्ट रुका हुआ है और डिलीवरी के लिए थोड़े पैसे देने होंगे इसके बाद कोई लिंक क्लिक के लिए भेजा जाता है तो बिल्कुल भी लिंक पर क्लिक न करें बल्कि कूरियर कंपनी की असली वेबसाइट या ऐप पर जाकर जानकारी चेक करें.
ठगी होने पर करें ये काम
भारत सरकार के अनुसार आर्थिक साइबर ठगी की शिकायत 1930 पर कोई भी कर सकता है. इसलिए अगर किसी तरह की ठगी होती है तो इस नम्बर पर शिकायत करें और शिकायत को National Cyber Crime Reporting Portal पर भी दर्ज किया जा सकता है.
शिकायत के दौरान अपने बैंक या पेमेंट ऐप को तुरंत जानकारी दें और ट्रांजैक्शन की जानकारी, स्क्रीनशॉट, मोबाइल नंबर, चैट और संदिग्ध लिंक को संभालकर जरूर रखें और ये भी जानकारी शिकायत करने के दौरान दें. इसी के साथ ही एक्पर्ट की राय जरूर ले लें.
ये भी पढ़ें-Rakshabandhan: भाई की दीर्घायु के लिए…रक्षाबंधन पर इस तरह का बाधें विशेष रक्षासूत्र; पढ़ें ये मंत्र