Ganesh Chaturthi Utsav: गणेश चतुर्थी आज…अगर गलती से देख लें चांद; करें ये उपाय-Video

September 14, 2026 by No Comments

Share News

Ganesh Chaturthi Utsav: पूरे देश में आज से सार्वजनिक गणेश उत्सव शुरू हो रहा है. सुबह से ही मंदिरों से लेकर पंडालों और घरों में गणेश स्थापना का कार्यक्रम शुरू हो गया है. मुम्बई का महत्वपूर्ण सार्वजनिक गणेश पूजा अब पूरे देश में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है. मार्केट में गणेश प्रतिमाओं की जमकर खरीदारी जारी है.

सोशल मीडिया पर गणेश उत्सव का नजारा वायरल तस्वीरों और वीडियो में साफ देखा जा रहा है. बता दें कि वैसे तो हर मास की कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को गणेश जी की पूजा-व्रत करने का विधान है लेकिन भाद्रपद की शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि को मध्याह्न समय गणेश जी का जन्म हुआ था. इसलिए इस दिन को खास उत्सव की तरह मनाया जाता है. गणेश जी का वाहन चूहा है और उनको बुद्धि का देवता माना जाता है. ऋद्धि-सिद्धि उनकी दो पत्नियां हैं. इनका सर्वप्रिय भोग लड्डू और मोदक है.

इस खास मौके पर ज्योतिषाचार्य सुशील कृष्ण शास्त्री रात में चांद न देखने की सलाह भी देते हैं. माना जाता है कि चतुर्थी पर चांद देख लेने से मिथ्या आरोप लगता है. इसको लेकर एक कथा भी प्रचलित है.

दरअसल एक कथा के अनुसार, एक बार चंद्रमा ने भगवान गणेश का मजाक उड़ाया था। इस वजह से गणेश जी ने उनको श्राप दिया था कि जो भी गणेश चतुर्थी पर चंद्रमा को देखेगा, उस पर मिथ्या दोष यानी झूठा आरोप लग जाएगा। इसलिए गणेश चतुर्थी पर चांद न देखने की परम्परा सदियों से चली आ रही है. यही वजह है कि आज के दिन यानी भादो मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी पर चांद नहीं देखने के लिए कहा गया है.

पहला उपाय

ज्योतिषाचार्य सुशील कृष्ण शास्त्री बताते हैं कि अगर आप भूलवश गणेश चतुर्थी पर रात में चांद देख लेते हैं तो दोष लगने की चिंता न करें. इससे बचने के लिए गणेश जी के निमित्त व्रत रखें और उन्हें 5 प्रकार के फल अर्पित करें। इसके अलावा जरूरतमंदों और गरीबों में अपनी क्षमता के अनुसार, फल या सोने-चांदी आदि का दान करें. मान्यता है कि ऐसा करने से गणपति बप्पा खुश होते हैं और आप मिथ्या कलंक के आरोप से बच जाते हैं.

दूसरा उपाय

मान्यता है कि अगर भूल से गणेश चतुर्थी पर कोई चांद देख ले तो मिथ्या आरोप से बचने के लिए भगवान श्रीकृष्ण और जाम्बवंत जी से जुड़ी कथा सुननी चाहिए। साथ ही चंद्रदर्शन के दोष से बचने के लिए इस मंत्र का जाप भी कर सकते हैं –

सिंह: प्रसेनमवधीत्सिंहो जाम्बवता हत:।

सुकुमारक मारोदीस्तव ह्येष स्यमन्तकर:॥

तीसरा उपाय

गणेश चतुर्थी पर चंद्र दर्शन करने के दोष से बचने के लिए 27 बुधवार तक गणेश मंदिर जाएं और गणेश जी की पूजा-अर्चना करें। इस दौरान गणेश जी को 21 दूर्वा अर्पित करें। इससे भी कलंक से रक्षा होती है।

चौथा उपाय
अगर चतुर्थी पर चांद देख लिया है तो जरा भी परेशान न हों, इससे बचने के लिए अष्टमी तिथि के दिन गणेश जी के 12 नामों का जप करें

गणेशजी के 12 नाम

1- वक्रतुंड

2- एकदंत

3- कृष्णपिंगाक्ष

4- गजवक्त्र

5- लंबोदर

6- विकट

7- विघ्नराजेन्द्र

8- धूम्रवर्ण

9- भालचंद्र

10-विनायक

11- गणपति

12- गजानन

DISCLAIMER: यह लेख धार्मिक मान्यताओं व धर्म शास्त्रों पर आधारित है। हम अंधविश्वास को बढ़ावा नहीं देते। पाठक धर्म से जुड़े किसी भी कार्य को करने से पहले अपने पुरोहित या आचार्य से अवश्य परामर्श ले लें। KhabarSting इसकी पुष्टि नहीं करता।)

ये भी पढ़ें-Haritalika Teej Vrat: आखिर क्यों इस व्रत का नाम पड़ा हरितालिका तीज…जानें? पूजन सामग्री की देखें पूरी लिस्ट-Video

Haritalika Teej Katha: माता पार्वती ने 12 वर्षों तक की थी कठोर तपस्या…पढ़ें हरितालिका तीज की कथा- Video