उत्तर प्रदेश में कैंसर के सबसे अधिक मामले…वजह बना तंबाकू; ICMR ने जारी की डरा देने वाली रिपोर्ट

October 13, 2026 by No Comments

Share News

Cancer Cases: पूरी दुनिया में कैंसर स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बनाता जा रहा है. साल-दर-साल इस गम्भीर बीमारी के केस बढ़ते ही जा रहे हैं. विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की कैंसर पर आई हाल ही में ग्लोबल स्टेटस रिपोर्ट में बताया गया है कि प्रत्येक साल दुनिया भर में कैंसर के अनुमानित 2.06 करोड़ नए केस सामने आ रहे हैं.

साथ ही चौंकाने वाला खुलासा किया गया है कि हर साल इस गम्भीर बीमारी से करीब 1 करोड़ लोगों की मौत हो जाती है. रिपोर्ट के मुताबिक, वयस्क और बुजुर्गों के साथ ही बच्चे भी इसकी चपेट में आ रहे हैं. स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने रिपोर्ट में कहा है कि जिस तेजी के साथ से ये बीमारी बढ़ रही है उसकी वजह से स्वास्थ्य सेवाओं पर इसका लगातार बोझ बढ़ता जा रहा है. ऐसे में सभी लोगों को अलर्ट रहने की जरूरत है।

इस तरह से रिपोर्ट ने साफ कर दिया है कि अब कैंसर सिर्फ उम्रदराज लोगों तक ही सीमित नहीं रहा.

इनसे बढ़ा कैंसर का खतरा

विशेषज्ञों ने तंबाकू-शराब का सेवन, खराब जीवनशैली, मोटापा, बढ़ता प्रदूषण, शारीरिक गतिविधि की कमी और खान-पान की गड़बड़ी जैसे कई कारक को बढ़ते कैंसर का खतरा बताया है. चिंता की सबसे बड़ी बात तो ये है कि कई कैंसर प्रकार की तो शुरुआत में पहचान नहीं हो पाती है. यही वजह है कि बीमारी बढ़ती जाती है और जब मरीज की गम्भीर स्थिति हो जाती है तब इसका पता चलता है. तब तक मरीज को बचाने के सारे रास्ते बंद हो चुके होते हैं.

उत्तर प्रदेश में तेजी से बढ़ रहे हैं नए मरीज

रिपोर्ट ने यूपी वालों की चिंता बढ़ा दी है. क्योंकि दावा किया गया है कि आबादी वाले इस राज्य में कैंसर के नए मरीजों की संख्या देश के दूसरे राज्यों की तुलना में कहीं अधिक देखी गई है। अगर रिपोर्ट की मानें तो सबसे अधिक नए अनुमानित कैंसर के मामले उत्तर प्रदेश में (2,31,671) हैं। इसके बाद महाराष्ट्र है जिसके आंकडे 1,33,825 और पश्चिम बंगाल में 1,20,444 मामले अनुमानित रिपोर्ट में बताए गए हैं.

आशंका है कि यूपी में साल 2030 तक यह संख्या बढ़कर करीब 2,54,411, महाराष्ट्र में 1,47,116 और पश्चिम बंगाल में करीब 1,30,000 तक हो सकती है.

तो वहीं दिल्ली को लेकर रिपोर्ट मे लिखा गया है कि अगले चार साल में सबसे तेज 7.1 फीसदी की तेजी से कैंसर मरीजों की संख्या बढ़ सकती है।

उत्तर प्रदेश में तंबाकू सबसे बड़ी वजह

रिपोर्ट में उत्तर प्रदेश में 2026 में 2.63 लाख वयस्कों में नए कैंसर मामले अनुमानित बताए गए हैं तो वहीं 2026 में ही पंजाब में 23,257 और 2030 में 23,724 वयस्कों कैंसर के मामले आने की आशंका है. दरअसल पुरुषों में तंबाकू का सेवन 12.9% है। माना जा रहा है कि तंबाकू का अधिक से अधिक सेवन व कम जांच इस समस्या को और भी विकराल कर रही है.

पुरुषों का बढ़ा मुंह का कैंसर

रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में पुरुषों में मुंह का कैंसर के 36.3% तो वहीं महिलाओं में स्तन कैंसर 36.3% के केस में सबसे अधिक बढ़ोतरी हुई है. रिपोर्ट में यूपी के जिन कैंसर रजिस्ट्री क्षेत्रों का आंकड़ा लिया गया, वहां पुरुषों में 55.9% से 66.9% कैंसर के केस तंबाकू से जुड़े पाए गए हैं। रिपोर्ट में बताया गया है कि 15 वर्ष से अधिक उम्र के करीब 44.1 प्रतिशत पुरुष तंबाकू का सेवन कर रहे हैं। तो दूसरी ओर दिल्ली में 2026 में 26,898 और 2030 में 28,800 वयस्क नए मामले आने की सम्भावना है. यानी चार साल में करीब 7.1% कैंसर केस बढ़ने की सम्भावना है.

अन्य राज्यों में तंबाकू खाने वालों की संख्या

रिपोर्ट में असम में 51.8 फीसदी वयस्क पुरुष और 22.1 फीसदी महिलाओं के तंबाकू खाने का जिक्र है. कई जिलों में पुरुषों में तंबाकू से जुड़े कैंसर का हिस्सा करीब 60 प्रतिशत से अधिक है. 30 से 49 साल की महिलाओं में कैंसर की जांच कराने वाली महिलाओं की संख्या मात्र 0.2 फीसदी है. तो वहीं रिपोर्ट में मेघालय को लेकर और भी चिंताजनक जानकारी सामने आई है. यहां पर 2026 में 3,109 नए मामले अनुमानित हैं, जो कि 2030 में बढ़कर 3,206 होने की सम्भावना है। रिपोर्ट में महिलाओं में स्तन कैंसर और पुरुषों में मुंह के कैंसर सबसे अधिक पाए गए हैं.

2030 तक बढ़ेंगे आंकड़े

इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च ( ICMR) ने साल 2026 के प्रत्येक प्रदेश के आंकड़े को लेकर एक अनुमान जारी किया है। इसके मुताबिक, देश भर में वर्तमान समय में हर साल करीब 15.6 लाख नए मामले सामने आते हैं लेकिन जिस तेजी के साथ कैंसर का खतरा बढ़ता जा रहा है उससे ये अनुमान लगया गया है कि साल 2030 तक ये आंकड़ा बढ़कर 17.5 लाख होने की सम्भावना है. यानी पूरी तरह से साफ है कि आने वाले सालों में भारत पर कैंसर का बोझ बढ़ने की सम्भावना है.

अस्वीकरण: ये लेख सोशल मीडिया पर वायरल कई खबरों व रिपोर्ट पर आधारित है. लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा https://khabarsting.com/ नहीं करता और न ही जिम्मेदारी लेता है. उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने चिकित्सक से सलाह अवश्य लें.

ये भी पढ़ें-आलीशान क्रूज पर सवार लोग जब मरने लगे एक-एक कर…23 देशों में हंटावायरस का मंडराया बड़ा खतरा; WHO ने जारी किया अलर्ट, डरा देगा ये Video