रैपिडो बुक करते वक्त रहें सावधान… राइडर निकला जैश का संदिग्ध आतंकी, महाराष्ट्र ATS ने दबोचा
Mumbai Jaish-e-Mohammed Operative Arrested: हमें अब कहीं भी जाना होता है हम तुरंत रैपिडो या ओला बाइक, कार आदि बुक कर लेते हैं और वे हमें घर से लेकर हमारे गंतव्य तक पहुंचा भी देते हैं लेकिन क्या हमें ये मालूम होता है कि जो राइडर है वो कौन है और कैसा है? हम बस इन कंपनियों पर भरोसा कर लेते हैं. सबसे बड़ी बात ये है कि जब हम ये राइड बुक करते हैं तब हमारा मोबाइल नम्बर इनके पास चला जाता है. अभी तक तो ये सब सामान्य बातें थीं लेकिन रैपिडो राइडर के आतंकी होने की खबर ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है.
बता दें कि हाल ही में महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधक दस्ते (ATS) ने 33 वर्षीय मोहम्मद हसन अबू सरमद अख्तर को गिरफ्तार किया है जो कि प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से कथित रूप से जुड़ा था. एटीएस ने मीडिया को दी जानकारी में बताया कि आरोपी को गुप्त सूचना के आधार पर माहिम मेट्रो स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया गया है. शुरुआती जांच में मालूम चला है कि आरोपी रैपिडो राइडर के तौर पर काम करता था और इत्र भी बेचता था. इसी की आड़ में कथित तौर पर कट्टरपंथी विचारों का लगातार प्रचार कर रहा था.
फिलहाल एटीएस पूरे मामले की जांच करते हुए आरोपी की गतिविधियों तथा संगठन से उसके कथित संबंधों का पता लगाने की कोशिश कर रही है.
आरोपी के पास से मोबाइल फोन और लैपटॉप बरामद किया गया है. इसकी भी जांच करने में पुलिस जुट गई है.
बता दें कि जुलाई महीने में गुजरात में आतंकरोधी दस्ते-एटीएस ने पाकिस्तान स्थित प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े 8 लोगों को गिरफ्तार किया था. इन लोगों को मध्य प्रदेश और गुजरात के विभिन्न जिलों से गिरफ्तार किया गया था. ये लोग आतंकी गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए काम कर रहे थे. आतंकी जैश-ए-मोहम्मद की विचारधारा का गुजराती भाषा में अनुवाद कर उसका प्रसार भी कर रहे थे. इसकी हुई जांच में पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन से फंडिंग मिलने का भी खुलासा हुआ था.
ठीक इसी तरह हाल ही में पंजाब पुलिस ने भी जैश-ए-मोहम्मद से ताल्लुक रखने वाले एक आतंकी मॉडयूल का पर्दाफाश किया था और जम्मू-कश्मीर से जैश-ए-मोहम्मद के लिए काम करने वाले दो भाईयों को भी गिरफ्तार किया था, इनके साथ इनका एक साथी भी गिरफ्तार हुआ था. चंडीगढ़ के मोहाली में एक वाहन चालक के अपहरण और हत्या के एक पुराने मामले में ये दोनों शामिल थे. इनमें से एक साहिल बशीर था जो कि जम्मू-कश्मीर के हंदवाड़ा के कलामाबाद पुलिस स्टेशन में दर्ज एक मामले में वांछित था. तो वहीं उसके भाई ऐजाज अहमद को इससे पहले भी हथियारों की बड़ी खेप के साथ गिरफ्तार किया गया था.