Kartik Purnima: कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान के लिए नदी में प्रवेश करने से पहले करें ये काम…दान करें ये सब-Video

November 23, 2026 by No Comments

Share News

Kartik Purnima: कार्तिक शुक्ल पूर्णिमा को किसी पवित्र नदी में स्नान करने का विधान शास्त्रों में बताया गया है. वैशाख और माघ मास के स्नान के समान ही गंगा, यमुना तथा अन्य पवित्र नदियों में कार्तिक स्नान का बड़ा महत्व बताया गया है.

ऐसे नष्ट हो जाता है पाप

मदन पारिजात के अनुसार, “कार्तिक के महीने में जितेंद्रिय रहकर प्रतिदिन स्नान करके एक ही समय भोजन करने से सभी पाप नष्ट हो जाते हैं. यह व्रत और स्नान अश्विनी शुक्ल पूर्णिमा अर्थात शरद पूर्णिमा से शुरू होकर कार्तिक शुक्ल पूर्णिमा को संपन्न होता है. इस दिन स्नान के लिए घर की अपेक्षा कुआं, तालाब तथा नदी आदि को अधिक सही माना गया है.

हाथ-पांव धुलकर करें नदी में प्रवेश

कार्तिक पूर्णिमा पर कुरुक्षेत्र, अयोध्या तथा काशी आदि तीर्थों पर स्नान करने का और भी अधिक महत्व माना गया है. मान्यता है कि स्नान करने के लिए तालाब या नदी में प्रवेश से पहले हाथ-पांव आदि सभी अंग अच्छी तरह से धो लेने चाहिए. तो वहीं आचमन करने के बाद चोटी बांधकर जल-कुश से संकल्प करके स्नान करना चाहिए.

इन पौधों का करें पूजन

महर्षि अंगिरा के मत के अनुसार, स्नान में कुश, दान में संकल्प का जल और जप में संख्या ना होना अधिक फलदाई होता है. स्नान के बाद राधा-कृष्ण या तुलसी, पीपल, आंवला आदि का संपूर्ण वस्तुओं द्वारा पूजन करना चाहिए. साथ ही सभी देवताओं की परिक्रमा करनी चाहिए. संध्या समय भगवान और तुलसी की प्रार्थना और दीपदान करना चाहिए. इसके बाद प्रतिदिन की तरह तारों को अर्घ्य देकर भोजन करना चाहिए.

उद्यापन पर करें ये दान

कार्तिक मास के व्रत की समाप्ति पर उद्यापन करना चाहिए. इसमें पांच सीधा और पांच सुराही ब्राह्मणों को दान करनी चाहिए. साथ ही एक साड़ी ब्लाउज पर रुपए रखकर सास के पैर छूकर देना चाहिए.

कुमारियों व विवाहिता को करना चाहिए ये काम

कार्तिक मास में कुमारियां व विवाहिता स्त्रियां अगर ब्रह्म मुहूर्त में स्नान करती हैं तो उनको विशेष फल प्राप्त होता है. कार्तिक का महीना अनेक धार्मिक अनुष्ठानों के लिए भी श्रेष्ठ माना जाता है. कार्तिक मास स्नान, पूजन तथा व्रत के लिए प्रसिद्ध है.

भगवान कार्तिकेय की पूजा करने से मिलता है मनवांछित फल

भगवान कार्तिकेय जी के नाम से कार्तिक मास प्रचलित है. इस माह के दौरान विधिपूर्वक स्नान करने के बाद पूजा-अर्चना करने से कुमारियों को मन वांछित फल एवं वर की प्राप्ति होती है. तो वहीं विवाहिताओं के सभी मनोरथ भी पूरे होते हैं और पति को दीर्घायु मिलती है.

कार्तिक स्नान करने वाली महिलाओं व कन्याओं को चाहिए कि व्रत के दौरान कार्तिक स्नान व कार्तिकेय जी की कथा अवश्य श्रवण करनी चाहिए.

भगवान विष्णु व लक्ष्मी जी की भी करें पूजा

कार्तिक मास में भगवान विष्णु व लक्ष्मी जी की भी विशेष पूजा करनी चाहिए. कार्तिक मास करने वाली स्त्रियों को अलग-अलग संकल्प लेकर दान पुण्य भी करना चाहिए.

आजकल तो कार्तिक स्नान अक्सर लोग घरों में ही कर लेते हैं, जबकि पहले कुओं तथा अन्य तीर्थ स्थलों में स्नान करने की परंपरा थी.

तड़के ही लोग करते हैं स्नान

बता दे कि धार्मिक नगरी से नाम से प्रसिद्ध भारत के बड़े-बड़े नगरों से लेकर छोटी से छोटी बस्ती में भी कार्तिक स्नान का महत्व माना जाता है. आज भी बड़ी संख्या में स्त्री-पुरुष तड़के उठकर पवित्र नदी में कार्तिक स्नान करके भगवान का भजन व व्रत आदि करते हैं. साथ ही शाम के समय देव मंदिरों, चौराहों, गलियों, पीपल के वृक्षों और तुलसी के पौधों के पास दीपक जलते हैं. साथ ही कार्तिक पूर्णिमा के दिन लंबे बांस में दीपक या लालटेन बांधकर किसी ऊंचे स्थान पर “आकाशी” यानी कैंडल प्रकाशित किए जाते हैं.

DISCLAIMER: यह लेख धार्मिक मान्यताओं व धर्म शास्त्रों पर आधारित है। हम अंधविश्वास को बढ़ावा नहीं देते। किसी भी धार्मिक कार्य को करते वक्त मन को एकाग्र अवश्य रखें। पाठक धर्म से जुड़े किसी भी कार्य को करने से पहले अपने पुरोहित या आचार्य से अवश्य परामर्श ले लें। KhabarSting इसकी पुष्टि नहीं करता।)

Devuthani Ekadashi Katha: बात सुनकर नारायण जी मुस्कुराए और बोले…पढ़ें देवउठनी एकादशी की कथा