President of India: द्रौपदी मुर्मू बनीं भारत की 15वीं राष्ट्रपति, जानें शिमला और हैदराबाद में क्या दी गई हैं राष्ट्रपति को सुविधाएं, देखें क्या है वेतन और कितने एकड़ में फैला है राष्ट्रपति भवन
नई दिल्ली। भारत में राष्ट्रपति पद ही देश का सर्वोच्च पद है और राष्ट्रपति देश के प्रथम नागरिक कहलाते हैं। उन्हें शपथ सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश दिलाते हैं। इसी के साथ राष्ट्रपति तीनों सेना के सर्वोच्च कमांडर होते हैं, साथ ही उनकी मंजूरी के बिना कोई कानून पास नहीं हो सकता है। आज जब देश को 15वीं राष्ट्रपति के तौर पर दूसरी महिला राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मिल गई हैं तो आज के युवाओं को ये जानना जरूरी है कि भारत के राष्ट्रपति को क्या सुविधाएं मिलती हैं और कितनी सैलरी दी जाती है। बता दें कि मुर्मू ने विपक्ष पद के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को बड़े अंतर से हराया है।

यहां रहते हैं भारत के राष्ट्रपति
भारत के राष्ट्रपति दिल्ली में स्थित राष्ट्रपति भवन में रहते हैं। यह दुनिया में किसी भी सरकार के प्रमुख के निवास स्थान से सबसे बड़ा भवन है।
पांच लाख सैलरी के साथ ही मिलती है तमाम सुविधाएं
राष्ट्रपति को 5 लाख रुपये प्रति माह सैलरी तो मिलती ही है, कई तरह के भत्ते भी दिए जाते हैं, जिसे 1951 के राष्ट्रपति की उपलब्धि और पेंशन अधिनियम से निर्धारित किया गया है।

जानें कितना बड़ा है राष्ट्रपति भवन
भारत की राजधानी दिल्ली में स्थित राष्ट्रपति भवन 320 एकड़ में फैला हुआ है। इसका निर्माण 1929 में पूरा हुआ था। इसकी मेन बिल्डिंग में 340 कमरे हैं। इसमें राष्ट्रपति का आधिकारिक निवास, स्वागत कक्ष, अतिथि कक्ष और कार्यालय शामिल हैं। बता दें कि राष्ट्रपति भवन में उद्यान, खुली जगह, अंगरक्षक और कर्मचारियों के आवास, अस्तबल के साथ ही अन्य कार्यालय भी मौजूद हैं। राष्ट्रपति भवन के कुछ हिस्सों में म्यूजियम, मुगल गार्डन आदि भी है, जिसे आम लोगों के देखने के लिए भी सुविधा रहती है। साल के कुछ चुनिंदा अवसरों पर रजिस्ट्रेशन कराकर इसकी खूबसूरती को लोग देख सकते हैं।

जानें क्या सुविधा दी गई है शिमला और हैदराबाद में
भारत के राष्ट्रपति के लिए दो वेकेशन रिट्रीट मौजूद हैं, उत्तर में शिमला के मशोबरा में द रिट्रीट बिल्डिंग है। मशोबरा पहाड़ी की चोटी पर स्थित इस खूबसूरत स्थल पर राष्ट्रपति साल में कम से कम एक बार दौरा करते हैं। तो वहीं हैदराबाद के बोलारम में राष्ट्रपति निलयम स्थित है। 1860 में बनी इस इमारत का कुल क्षेत्रफल 90 एकड़ है। एक मंजिला इमारत में 11 कमरे हैं। राष्ट्रपति साल में कम से कम एक बार राष्ट्रपति निलयम जाते हैं। रिटायरमेंट के बाद भारत के राष्ट्रपति को 1.5 लाख प्रति माह पेंशन के साथ ही सुसज्जित बंगला, मुफ्त ट्रेन या हवाई यात्रा जैसी सुविधाएं भी दी जाती हैं। (सभी तस्वीरें सोशल मीडिया से ली गई हैं)