Lucknow News:राजधानी में हुआ “हर घर तिरंगा” अभियान का आगाज, दो लाख झंडे उपलब्ध कराएगा नगर निगम, महापौर ने दिए 9 निर्देश, तिरंगा प्राप्त करने के लिए जोनल कार्यालयों में करें सम्पर्क, अब 24 घंटें फहराएं तिरंगा
लखनऊ। आजादी के 75वें साल के उपलक्ष्य में देश भर जहां एक ओर अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है तो वहीं 15 अगस्त के अवसर पर उत्तर प्रदेश की राजधानी में घर-घर तिरंगा फहराने की तैयारी जोरों पर चल रही है। इसी को लेकर महापौर संयुक्ता भाटिया ने शनिवार को नगर निगम की बैठक की और हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुँचाने के लिए लखनऊ के पार्षदों एवं नगर निगम के अधिकारियों के साथ मिलकर वृहद कार्ययोजना बनवाई।
जानें लखनऊ में कहां से होगी हर घर तिरंगा अभियान की शुरूआत
ऐतेहासिक झंडेवाला पार्क में झंडारोहण करने के पश्चात हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत की जाएगी। हर घर तिरंगा अभियान के तहत सर्वप्रथम ऐतिहासिक झंडेवाला पार्क में महापौर संयुक्ता भाटिया पार्षदों संग झंडारोहण करेंगी। इसके बाद हर घर मे तिरंगा फहराने की शुरुआत शहर भर में की जाएगी।
दो लाख झंडे उपलब्ध कराएगा नगर निगम
इस अभियान को जन जन तक पहुँचाने के लिए नगर निगम दो लाख झंडे उपलब्ध कराएगा, जिसको सभी 110 वार्डों में वितरित किया जाएगा। महापौर ने निर्देशित किया कि जोनल अधिकारी सभी वार्डो में पार्षदों, स्वयंसेवी संस्थाओं से मिलकर वितरण एवं घर घर झंडा फहराने में सहयोग प्रदान करेंगे।

महापौर ने दिए ये निर्देश
शहर के सभी प्रमुख चौराहों को तिरंगा लाइटों से सजाया जाएगा।
नगर निगम के समस्त कार्यालयों (जोन एवं अन्य) सहित सभी में तिरंगा फहराया जाएगा। पार्षद भी अपने कार्यालय में तिरंगा फहराएंगे।
हर घर तिरंगा योजना के लिए नगर निगम विशेष जागरूकता अभियान चलाएगा।
हर घर तिरंगा योजना में सफाई कर्मचारियों द्वारा भी जनता में तिरंगा झंडा वितरित किया जाएगा और सफाई कर्मी लोगों से घरों पर तिरंगा फहराने की अपील करेंगे।
सभी पार्षद घर घर जाकर जनसंपर्क कर तिरंगा वितरित करेंगे।
महापौर द्वारा सभी बाजारों की समस्त दुकानों में तिरंगा फहराने के लिए जोनल अधिकारियों को जिम्मेदारी तय की गई है, जोनल अधिकारी अपने क्षेत्रों में पड़ने वाली बाजारों में व्यापार मंडलों से संपर्क कर तिरंगा फहराने के लिए योजना बनवाएंगे।
महापौर ने बताया कि लखनऊ के निवासियों को यदि तिरंगा नही मिलता है या कोई दिक्कत आती है वह अपने जोनल कार्यालयों में संपर्क कर तिरंगा प्राप्त कर सकते है।
महापौर ने हर घर तिरंगा अभियान के लिए स्वयंसेवक बनने की अपील की है। जो नगर निगम के साथ मिलकर तिरंगा महाअभियान में जनता को जागरूक करने के लिए अपना समय एवं सहयोग प्रदान करेंगे।
दुल्हन की तरह राजधानी को सजाने के दिए गए निर्देश
इस अवसर पर महापौर संयुक्ता भाटिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से 11 से 17 अगस्त तक स्वतंत्रता सप्ताह के रूप में आयोजित किया जा रहा है। यह हम सभी देशवासियों के लिए विशेष अवसर है। आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर हर घर तिरंगा फहराने का यह दृश्य अपने आप में रोमांचित करने वाला है। यह हमारा सौभाग्य है कि हम स्वतंत्रता के 75 वर्ष हर्षोल्लास से मना रहे हैं, फिर यह अवसर नहीं मिलेगा। इस अभियान से ना सर्फ तिरंगा हर घर शान से फहरेगा बल्कि सभी देशवासियों मे देश-भक्ति की भावना भी पैदा होगी। आज़ादी की 75वीं वर्षगांठ के अमृत महोत्सव में हर घर तिरंगा लहराए और प्रदेश की राजधानी दुल्हन की तरह सजे यही हमारी कामना हैं।
अब 24 घंटे फहरा सकते हैं तिरंगा
महापौर ने बताया कि अब आप घर पर 24 घंटे तिरंगा फहरा सकते हैं। पहले ऐसा नहीं कर सकते थे। इसके लिए प्रधानमंत्रीजी ने फ्लैग कोड 2002 के कुछ नियमों में बदलाव किया है, इसके बाद अब इस अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे को दिन और रात, दोनों समय फहराया जा सकता है। पहले तिरंगा सिर्फ सूर्योदय से सूर्यास्त तक फहराया जा सकता था। इसकी जानकारी सभी नागरिकों को पहुंचने की व्यवस्था बनाएं। महापौर ने आगे कहा कि यह हम सभी के लिए राष्ट्रीय महत्व का विषय है। बैठक में महापौर के साथ नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह, अपर नगर आयुक्त अभय पाण्डे, पार्षद कौशलेंद्र द्विवेदी, पार्षद रजनीश गुप्ता, पार्षद रुपाली गुप्ता, पार्षद मिथिलेश चौहान सहित अन्य पार्षद एवं नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे।