Police Raided Hookah Bar: कॉलेज जाने वाले लड़के-लड़कियां मिले हुक्का बार में, छापा मारने पहुंची पुलिस के सामने गिड़गिड़ाते हुए बोले घरवालों को न बताएं, 29 को लिया गया हिरासत में, नोएडा में बिगड़ रहे संभ्रांत परिवारों के बच्चे, डूब रहे नशे में
उत्तर प्रदेश के नोएडा और ग्रेटर नोएडा में अवैध हुक्का बार धड़ल्ले से चल रहे हैं। तमाम कार्यवाहियों के बावजूद इनकी रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही है। चोरी छुपे मॉल से लेकर होटलों और रेस्टोरेंट में हुक्का बार चलाए जा रहे हैं, जिससे कि कम उम्र के लड़के-लड़कियों पर बुरा असर पड़ रहा है।
ताजा मामला उत्तर प्रदेश (UP) के ग्रेटर नोएडा से सामने आया है, जहां एक मॉल के अंदर चल रहे हुक्का बार पर पुलिस ने औचक छापेमारी की। इस दौरान पुलिस के साथ आबकारी विभाग की टीम भी मौजूद थी। अचानक मारे गए इस छापे में 29 लड़के-लड़कियों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। यह सभी लड़के लड़कियां सभ्रांत परिवारों से ताल्लुक रखने वाले बताए जा रहे हैं।
मीडिया सूत्रों के मुताबिक पुलिस के अनुसार ग्रेटर नोएडा के अंसल मॉल में यह हुक्का बार चलाया जा रहा था। पुलिस को इसकी जानकारी होने पर योजना सहित छापेमारी की गई। पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने यहां एक साथ छापेमारी की। मौके पर हुक्का बार का नजारा देखकर पुलिस हैरान रह गई। यहां लड़के-लड़कियां नशीले पदार्थ का सेवन करके मौज-मस्ती करते नजर आए। मौके पर पुलिस ने भारी मात्रा में हुक्के में डाला जाने वाला नशीला पाउडर भी बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक हुक्के को पीने के बाद युवक-युवतियां नशे में डूब जाते थे और फिर वह मौज-मस्ती में मशगूल हो जाते थे। पुलिस के अनुसार हुक्का बार में शराब भी पिलाने का काम किया जा रहा था। औचक छापे के दौरान काफी कर्मचारी इधर-उधर भाग खड़े हुए। जबकि मौके पर 29 लड़के व लड़कियों को धर दबोचा गया।
बता दें कि ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में पुलिस और आबकारी विभाग की छापेमारी लगातार जारी है। पुलिस के अनुसार अंसल प्लाजा मॉल में इस हुक्का बार को चलाया जा रहा था। मौके पर डीसीपी, एडीसीपी आबकारी विभाग के इंस्पेक्टर एसएचओ समेत भारी पुलिस फोर्स मौजूद है। शराब और बीयर की बोतलें भी बरामद हुई हैं। हुक्का बार का नाम लुसिफर है। बताया जा रहा है कि हुक्का बार में पकड़े गए अधिकतर लड़के व लड़कियां छात्र-छात्राएं हैं, जो कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा के नामी-गिरामी कालेजों में पढ़ाई कर रहे हैं। इनमें से काफी छात्र-छात्राएं उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों के भी रहने वाले हैं, जो कि नोएडा आए तो पढ़ाई के लिए हैं लेकिन दोस्तों के चक्कर में नशे की लत लगा बैठे हैं। पुलिस द्वारा पकड़े जाने के बाद सभी युवक-युवतियां छोड़े जाने के लिए पुलिस से गिड़गिड़ाते नजर आए। इसी के साथ पुलिस से ये भी गुहार लगाई की घर वालों को न बताया जाए।
मालूम हो कि नोएडा में लड़के-लड़कियों का शराब पीना आम बात है। यहां पर खुलेआम युवक-युवतियां बार में जाके नशेबाजी करते हैं और हुक्का बार का एक बड़ा अड्डा यहां बन गया है। मीडिया सूत्रों के मुताबिक पुलिस भले ही लगातार हुक्का बारों पर छापे मार रही हो, लेकिन अभी भी नोएडा और ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में दर्जनों अवैध हुक्का बार चलाए जा रहे हैं और युवक-युवतियाम जमकर पाश्चात्य संस्कृति की चादर ओढ़ कर भारतीय संस्कृति के साथ ही घर-परिवार की इज्जत को भी तार-तार करने में जुटे हैं। देश भर से युवक-युवतियां यहां पर या तो पढ़ाई करने आते हैं या फिर नौकरी करने लेकिन गलत संगत के चक्कर में नशे की लत में फंस रहे हैं। यहां पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़े स्तर पर अभियान चला रखा है। बावजूद इसके अवैध हुक्काबार पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बने हुए हैं। (फोटो सोशल मीडिया)