UP News: स्कूल न जाने पर मां ने डांटा तो नवीं के छात्र ने रची खुद के अपहरण की कहानी, मां को किया मैसेज, लिखा, “अब नहीं आ पाऊंगा “

September 11, 2022 by No Comments

Share News

लखनऊ। स्कूल न जाना पड़े, इसके लिए कक्षा 9 में पढ़ने वाले छात्र ने खुद के अपहरण की ही कहानी लिख डाली। स्कूल न जाने पर मां ने डांटा भी था। इसी के बाद छात्र ने खुद के अपहरण की जानकारी देने के लिए परिवार वालों को मैसेज करते हुए बताया कि कुछ लोगों ने उसका अपहरण कर लिया है और अपरणकर्ता उसे मोबाइल पर बात नहीं करने दे रहे हैं। इसीलिए वह केवल मैसेज कर सकता है। इसी के साथ यह भी लिखा कि उसकी चिंता न करना अब वह घर नहीं आ पाएगा।

शनिवार शाम यह मैसेज बाजार खाला में रहने वाले नवीं के एक छात्र ने अपनी मां और नाना के मोबाइल पर किए थे। मैसेज देखते ही घर वाले घबरा गए फोन मिलाया तो छात्र रिसीव नहीं कर रहा था। इसके बाद वाइ फाई से मोबाइल कनेक्ट कर सिर्फ वाट्सएप मैसेज करता रहा। इस पर घरवालों ने पुलिस को सूचना दी। इस पर पुलिस ने पड़ताल की तो पता चला कि लोकेशन दिल्ली में है। इसके बाद छात्र की मां से मैसेज कराए। छात्र ने मां से फोन पर बात की। मां ने बचपन से लेकर अब तक किए त्याग के बारे में बताया। छात्र भावुक हो गया और वह अपने घर लौट आया।

एक महीने से नहीं जा रहा था स्कूल, मां ने डांटा भी था

इंस्पेक्टर बाजारखाला विनोद यादव ने बताया कि छात्र राजाजीपुरम का रहने वाला है। उसके पिता प्राइवेट नौकरी करते हैं। छात्र माता पिता का इकलौता बेटा है। यहां बाजारखाला में अपने नाना के यहां रहता था। एक माह से वह स्कूल नहीं जा रहा था। सुबह समय पर घर से स्कूल के लिए बैग लेकर 6:30 बजे निकलता और दोपहर दो बजे घर लौट आता था। इस बीच वह 1090, गोमतीनगर, शापिंग माल और अन्य स्थानों पर घूमता रहता था।

इस पर मां को कुछ शक हुआ। मां ने टोका और कहा कि वह स्कूल चलकर उसकी शिकायत करेगी कि घर पर पढ़ाई नहीं करता। इस पर बच्चे ने समझा कि अब तो मां स्कूल जाएगी तो उनको मालूम हो जाएगा कि वह स्कूल नहीं जा रहा है। चूंकि मां को शनिवार सुबह स्कूल जाना था। इसलिए वह दिल्ली भाग गया। उसने पहले अपना मोबाइल बंद रखा। फिर शाम पांच बजे करीब मैसेज किया था। इसके पहले घर वाले उसे खोजते रहे तो कुछ पता नहीं चला था। मैसेज आने पर छात्र के नाना ने मुकदमा दर्ज कराया और बच्चे का पता न चलने को लेकर घरवालों ने रात में ही थाने पर हंगामा भी किया।

मौसी से लिए थे रुपए
दिल्ली जाने के लिए छात्र ने अपनी मौसी से कुछ और बताकर आठ हजार रुपये लिए थे। इसी की मदद से वह दिल्ली गया था और अपना खर्च चला रहा था।