Ayodhya News: रामनगरी अयोध्या में बज रही लता मंगेशकर की “वीणा”,14 टन की वीणा की जानें विशेषता, पद्मश्री सम्मानित ने बनाई है वीणा
अयोध्या। भारत रत्न लता मंगेशकर की 93वीं जयंती के अवसर पर उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले में शुक्रवार को लता मंगेशकर चौक का उद्घाटन किया गया। चौक का आकर्षण का केंद्र 14 टन की वीणा है, जो कि 40 फीट लम्बी है। इस मौके पर राम कथा पार्क में लता दीदी के चित्रों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। इस प्रदर्शनी को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले ही ट्विट कर प्रसन्नता जाहिर कर चुके हैं।

रामनगरी अयोध्या में शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय पर्यटन मंत्री ने चौक का उद्घाटन किया। इस मौके पर पीएम मोदी का वीडियो संदेश भी सुनाया गया। प्रधानमंत्री ने लता मंगेशकर को उनकी जयंती पर याद करते हुए लिखा कि मुझे खुशी है कि आज अयोध्या में एक चौक का नाम उनके नाम पर रखा गया।
सरयू तट के किनारे नया घाट क्षेत्र में स्थित लता मंगेशकर चौक का मुख्य आकर्षण एक विशालकाय वीणा है, जिसे पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित शिल्पकार राम सुतार ने बनाया है। इस वीणा पर माता लक्ष्मी और सरस्वती के साथ दो मोर भी बने हुए हैं। एक महीने में 70 कलाकारों द्वारा तैयार की गई इस वीणा की ऊंचाई या लंबाई करीब 12 मीटर यानी 40 फीट है। लता मंगेशकर के निधन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुद उनके नाम पर चौक बनवाने की घोषणा की थी।