UP News: खाकी में घूम रहा था 10वीं फेल फर्जी इंस्पेक्टर, होमगार्ड विभाग में नौकरी दिलवाने के नाम पर बना रहा था लड़कियों को शिकार, मुम्बई ले जाने की थी पूरी योजना, गिरफ्तार

September 30, 2022 by No Comments

Share News

लखनऊ। तन पर खाकी वर्दी और तीन सुनहरे स्टार कंधे पर लगाकर 10वीं फेल जमील अहमद लड़कियों को शिकार बना रहा था और नौकरी दिलवाने के नाम पर जमकर ठगी करने के साथ ही उनको मुम्बई ले जाने की योजना भी बना रहा था। और तो और महीनों से चारबाग और नाका के होटलों में चेकिंग के नाम पर घूम-घूमकर वसूली कर रहा था। मैनेजर और संचालकों पर रौब झाड़ते हुए खुद को क्राइम ब्रांच में तैनात इंस्पेक्टर बताता था। जानकारी मिलने के बाद शुक्रवार को नाका पुलिस ने आरोपित जमील को गिरफ्तार कर लिया।

देवरिया का रहने वाला है जमील
इस सम्बंध में एडीसीपी पश्चिम चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि जमील देवरिया के दाद्दन भटनी के हरैया गांव का रहने वाला है। वह बीते कई महीने से चारबाग और नाका इलाके के होटलों में जाता, फायर उपकरण न होने का हवाला देकर संचालकों और मैनेजर को रौब में लेकर उनसे वसूली करता था। उसने अकबरी गेट के पास रहने वाले मो. फरीद की एक रिश्तेदार, इसके अलावा मदेयगंज में रहने वाली रानी और दो अन्य युवतियों की नौकरी होमगार्ड विभाग में लगवाने की बात कही। इसके बाद चारों से करीब तीन लाख रुपये ले लिए थे। चारों का मेडिकल बलरामपुर अस्पताल में कराया गया था।

ट्रेनिंग के नाम पर ले जाने वाला था लड़कियों को मुंबई, पुलिस ने इस तरकीब से दबोचा
जमील लड़कियों को ट्रेनिंग के नाम पर मुंबई ले जाने की पूरी योजना बना चुका था। इस बीच पुलिस ने उसे चारबाग मेट्रो स्टेशन के पास से धर दबोचा। नाका कोतवाली के कार्यवाहक इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार ने बताया कि चारों युवतियों से जमील ने कहा था कि उनकी एक माह की ट्रेनिंग मुंबई में होगी। उन्हें 30 सितंबर को मुंबई के लिए रवाना होना होगा। उसने चारों का रिजर्वेशन कराया। रिजर्वेशन में युवतियों का एड्रेस गलत भरवाया था। जब इस बात की जानकारी युवतियों के घरवालों को हुई तो एक-एक सदस्य ने साथ जाने को कहा। इस पर जमील ने उन्हें साफ इंकार कर दिया था।

इस पर एक लड़की ने जाने से इंकार कर दिया तो उसे धमकाने लगा। इस पर युवतियों को कुछ शक हुआ। उन्होंने इसकी सूचना थाने पर दी। जमील के द्वारा दिए गए तय समय पर युवतियों को थाने बुलाया गया। यहां से उन्होंने जमील से फोन पर बात की। जमील ने कहा कि चारबाग मेट्रो स्टेशन पहुंचो। उसने कहा कि ट्रेन से जाने में कुछ दिक्कत हो गई है अब उन्हें बस से चलना होगा। इसके बाद युवतियों को मेट्रो स्टेशन के लिए भेजा गया। उनके पीछे पुलिस टीम लग गई। युवतियां जैसे ही जमील से मिलीं पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया