Kanpur Girls Hostel Case: अश्लील वीडियो बनाने मामले में हॉस्टल संचालक और फरार वार्डन भी गिरफ्तार, पुलिस जुटी जांच में, देखें वीडियो
काकादेव की कोचिंग मंडी के गर्ल्स हॉस्टल में चंडीगढ़ विश्वविद्यालय जैसा कांड सामने आने के बाद पुलिस तेजी से मामले की जांच में जुट गई है। शुक्रवार को पुलिस ने फरार हॉस्टल संचालक और वार्डन को भी गिरफ्तार कर लिया है।
बता दें कि हॉस्टल के एक सफाई कर्मचारी ने छात्राओं का उस वक्त वीडियो बनाया था, जब वे नहा रही थीं। इसको लेकर छात्राओं ने जमकर हंगामा किया था और सफाई कर्मचारी को रंगे हाथ पकड़ने के बाद जमकर उसकी पिटाई की थी। इसके बाद उसका मोबाइल छीन लिया था। छात्राओं ने बताया कि उसके मोबाइल में कई अश्लील वीडियो मिले थे। इसी के साथ छात्राओं ने ये भी संदेश जताया था कि उसने कई और लड़कियों के वीडियो बनाए हैं। दरअसल कर्मचारी बाथरूम का दरवाजा बंद होने के बावजूद जरा सी जगह से वीडियो बनाया करता था।
यह हॉस्टल कानपुर की कोचिंक मंडी काकादेव के पास स्थित रावतपुर इलाके में स्थित है। गिरफ्तार किए गए कर्मचारी का नाम ऋषि है और वह गत 8 साल से हॉस्टल में काम कर रहा था। वह सर्वोदय नगर में रहता है। फिलहाल पुलिस ने विभिन्न धाराओं में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच भी जारी है।
घटना के बाद से ही वार्डन सीमा पाल फरार हो गई थी, जिसे पुलिस ने दबोच लिया है। पुलिस ने बताया कि उसे नमक फैक्ट्री चौराहे से गिरफ्तार किया गया है। तो वहीं संचालक मनोज पांडेय को भी हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। मीडिया सूत्रों के मुताबिक ऋषि के गिरफ्तार करने के बाद से ही हॉस्टल में कार्यरत चार अन्य कर्मचारी भी फरार हो गए थे, पुलिस इनकी तलाश में छापेमारी कर रही है।
तो वहीं इस घटना के सामने आने के बाद लड़कियों ने रातो-रात हॉस्टल खाली कर दिया और अपने-अपने घर लौट गईं। बता दें कि हॉस्टल में 55 लड़कियां रह रही थीं। छात्राओं ने बताया कि जैसे ही वह रिपोर्ट दर्ज कराकर लौटीं तो सभी कर्मचारी फरार मिले। घटना की जानकारी के बाद आस-पास के अन्य हॉस्टल के विद्यार्थी भी मौके पर पहुंच गए थे। इस हॉस्टल में लड़कियां कई अन्य जिलों से आकर भी रह रही थीं और NEET आदि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थीं।
देखें क्या कहा एसीपी ने
एसीपी कल्याणपुर दिनेश शुक्ला ने कहा कि लड़कियों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसका फोन चेक किया जा रहा है। मोबाइल फोन की फॉरेंसिक जांच भी कराई जा रही है। 10 से 12 लड़कियों ने हमसे शिकायत की है। इसी के साथ एसीपी ने बताया कि ऋषि 8 साल से काम कर रहा है, लड़कियों ने बताया कि उसने मोबाइल से नहाते वक्त उनका वीडियो बनाया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।