AKTU News: फॉर्मेसी की किताबें पढ़नी हो तो आइये एकेटीयू के पुस्तकालय, मंगाई गईं 1370 नई बुक्स, देखें पुस्तकों के नाम
AKTU News: यदि आप फॉर्मेसी के छात्र हैं और इससे जुड़ी विभिन्न किताबों को पढ़ना चाहते हैं तो डॉ0 एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (AKTU) स्थित केंद्रीय पुस्तकालय आपके लिए सबसे बेहतर स्थान है। यहां के पुस्तकालय में फॉर्मेसी की करीब 1370 विभिन्न किताबें हैं। जबकि एक हजार से ज्यादा किताबें जल्द ही आने वाली हैं। इन किताबों में फॉर्मेसी से जुड़ी तमाम जानकारियां हैं। कुछ किताबें तो बेहद खास है। वहीं मैनेजमेंट से संबंधित किताबों से भी पुस्तकालय जल्द समृद्ध होने वाला है। वहीं करीब 38 हजार ई पुस्तकें और 2500 सौ से ज्यादा प्रतिष्ठित प्रकाशकों की ई पत्रिकाएं हैं। जिन्हें छात्र एक क्लिक पर पढ़ सकते हैं। वैसे तो यहां सभी पुस्तकों का संग्रह है मगर वर्तमान तकनीकी के नजरिये से देखा जाए तो नैनो साइंस पर 32 खंडों की इनसाइक्लोपीडिया सबसे खास है।
कुलपति प्रो0 जेपी पांडेय के निर्देशन में विभिन्न विषयों की किताबें लाने की प्रक्रिया चल रही है। वहीं पुस्तकालय में खासतौर पर इनसाइक्लोपीडिया इन नैनो साइंस 32 वैल्यूम की पुस्तक अमेरिका से मंगायी गयी है। इस किताब में नैनो तकनीकी के हर पक्ष के बारे में विस्तार से लिखा गया है। इसके अलावा यहां विज्ञान, इंजीनियरिंग, नैनो टेक्नोलॉजी, साइबर सिक्योरिटी, मशीन लर्निंग, आर्टिफिशिएल इंटेलिजेंस, मेकाटॉनिक्स, मैनुफैक्चरिंग, एनर्जी, रोबोटिक्स, ऑटोमेशन की तमाम विश्वस्तरीय किताबें तो हैं ही इसके अलावा भी बहुत से संग्रह हैं। इनमें, गांधीजी पर, अटल बिहारी वाजपेयी जी, पं दीन दयाल उपाध्याय जी पर भी किताबें हिंदी में मौजूद हैं। साथ ही विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित किताबें और पत्रिकाएं भी लाइब्रेरी में छात्रों के लिए हैं। वहीं, रोजाना छात्रों के लिए समाचार पत्र भी आते हैं। शायद प्रदेश की यह पहली लाइब्रेरी है जहां आरएफआईडी तकनीक की सुविधा मौजूद है। इस तकनीक के जरिये बिना किसी लाइब्रेरी कर्मचारी के छात्र 24 घंटे पुस्तकें जारी और जमा कर सकते हैं। एटीएम की तरह लगी दो मशीनों पर पूरा डिटेल भर कर सुविधा का लाभ छात्र लेते हैं। पुस्तकालयाध्यक्ष डॉ0 रामकुमार पाठक के अनुसार यह पुस्तकालय अपने आपमें बेहद अत्याधुनिक होने के साथ ही विभिन्न स्तरों की पुस्तकों से समृद्ध है। जल्द ही बहुत सी किताबें आने वाली है।