AKTU: सुपर 30 की तर्ज पर एकेटीयू की बड़ी योजना, 30 छात्रों को बनाएंगे सफल उद्यमी, सिडबी के साथ करार, देखें पूरी जानकारी

January 11, 2023 by No Comments

Share News

लखनऊ। बिहार में चलने वाली कोचिंग सुपर 30 के बारे में तो आपने सुना ही होगा। इस पर रितिक रोशन ने फिल्म भी बनाई थी, जो कि बहुत फेमस हुई। इस कोचिंग से हर साल आईआईटी प्रवेश परीक्षा में करीब 30 छात्र चयनित होते हैं। कुछ इसी तर्ज पर एकेटीयू से 30 छात्र सफल उद्यमी बनकर निकलेंगे।

जी हां, इसके लिए विश्वविद्यालय और सिडबी के बीच करार हुआ है। इस समझौते के तहत स्माल इंडस्टीज बैंक ऑफ इंडिया यानी सिडबी उद्यमी बनने के लिए आवेदन मांगेगा। करीब 600 छात्रों में से अंतिम रूप से कठिन चयन प्रक्रिया के बाद 35 छात्रों का चयन किया जाएगा। चयनित छात्रों को सिडबी और एकेटीयू मिलकर उद्यमी बनने के लिए तैयार करेंगे। उनके उद्यम को वित्तीय सहायता से लेकर अन्य तरह का सहयोग दोनों संस्थान देंगे। विशेषज्ञ चयनित छात्रों का मार्गदर्शन करेंगे।

समय-समय पर कार्यशालाओं का भी आयोजन किया जाएगा। जिससे कि चयनित छात्र अपने उद्यम के हर पहलू से वाकिफ हो सकें। इस समझौते का मकसद है कि प्रदेश में ज्यादा से ज्यादा युवा उद्यमिता को लेकर गंभीर रहें। इसके अलावा एमओयू के तहत सिडबी अपनी अन्य योजनाएं भी विश्वविद्यालय के साथ मिलकर चलाएगी। कुलपति प्रो0 प्रदीप कुमार मिश्र की मौजूदगी में कुलसचिव सचिन सिंह और बैंक के सीजीएम डॉ0 एसएस आचार्य ने एमओयू पर हस्ताक्षर किये। इस मौके पर कुलपति प्रो0 प्रदीप कुमार मिश्र ने कहा कि इस समझौते से युवाओं को उद्यमिता और नवाचार के लिए तैयार किया जा सकेगा। इस मौके पर बैंक के जीएम प्रवीण प्रभाकर भी मौजूद रहे।