US News: अमेरिका का सबसे शक्तिशाली लड़ाकू विमान F-35 फाइटर जेट क्रैश…Video
F-35 fighter jet crashes in America: अमेरिका से बड़ी खबर सामने आ रही है. यहां F-35 फाइटर जेट क्रैश हुआ है. इसके बाद से माना जा रहा है कि अमेरिका का ये महाशक्तिशाली विमान कबाड़ होता दिखाई दे रहा है.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कैलिफ़ोर्निया के फ्रेस्नो काउंटी में लेमूर नेवल एयर स्टेशन के पास अमेरिकी सेना का F-35 जेट दुर्घटनाग्रस्त हो गया और फिर आग के गोले में तब्दील हो गया. फिलहाल पायलट को सुरक्षित बाहर निकल गया है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आगे की जांच जारी है.
#BREAKING: U.S. military F-35 jet crashes and bursts into flames near Lemoore Naval Air Station in Fresno County, California. Pilot ejected safely and is hospitalized. Federal investigation underway.#Fresno #California #F35 #USNavy #USMC pic.twitter.com/wVFRjdsc45
— Intel Net (@IntelNet0) July 31, 2025
हादसा बुधवार को अमेरिका के कैलिफोर्निया में स्थानीय समयानुसार शाम 6:30 बजे हुआ. अमेरिकी नेवी का सबसे शक्तिशाली F‑35 लड़ाकू विमान लेमूर नौसैनिक अड्डे (Naval Air Station Lemoore) के पास क्रैश होने के बाद हड़कंप मच गया. इस सम्बंध में अमेरिकी नौसेना का बयान सामने आया है जिसमें कहा गया है कि विमान में सवार पायलट ने समय रहते पैराशूट से बाहर निकलकर जान बचा ली. हादसे को लेकर नेवी की ओर से मीडिया के लिए स्टेटमेंट जारी किया गया है जिसमें कहा गया है कि यह विमान स्ट्राइक फाइटर स्क्वाड्रन VF‑125 रफ रेडर्स का हिस्सा था जो कि यूनिट फ्लीट रिप्लेसमेंट स्क्वाड्रन के रूप में काम करती है. इसका मुख्य काम पायलटों और एयरक्रू को ट्रेनिंग देना होता है.
F‑35 को दुनिया के सबसे एडवांस्ड फाइटर जेट्स में काउंट किया जाता है. ऐसे में लगातार इसके क्रैश होने की खबरें सामने आ रही हैं. जिससे इसको लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं तो वहीं यह हादसा ऐसे समय में हुआ है जब अमेरिका की मिलिट्री तकनीक और सुरक्षा उपायों को लेकर कई सवाल उठते रहे हैं.
फिलहाल अभी तक यह साफ नहीं हो सका है कि फाइटर प्लेन किस वजह से क्रैश हुआ. इसकी जांच अमेरिकी नौसेना ने शुरू कर दी है. फिलहाल राहत की बात ये रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ.
बता दें कि अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य में लेमूर नौसैनिक अड्डा स्थित है और यह फ्रेज्नो शहर से करीब 64 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम दिशा में पड़ता है.
जानें कब-कब हादसे का शिकार हुआ F-35 जेट ?
2024 मई: न्यू मैक्सिको में F‑35 क्रैश और पायलट घायल.
2023 सितम्बर: साउथ कैरोलिना में खराब होने के कारण पायलट जेट को ऑटो-पायलट मोड पर करने के बाद इजेक्ट कर गया था.
2022 अक्टूबर: यूटा एयरबेस पर लैंडिंग के वक्त डेटा सिस्टम फेल होने के कारण जेट क्रैश होकर तबाह हो गया था.
2022 जनवरी: USS कार्ल विन्सन एयरक्राफ्ट कैरियर पर लैंडिंग के दौरान क्रैश होने पर 7 नौसैनिक घायल हुए थे.
2022 जनवरी (कोरिया): साउथ कोरिया का F‑35 लैंडिंग गियर के खराब होने से बेस पर क्रैश हो गया था.
2021 नवम्बर: ब्रिटेन का F‑35B समुद्र में गिरा था हालांकि बाद में रेस्क्यू किया गया.
2020 सितम्बर: एयर-टू-एयर रीफ्यूलिंग के दौरान कैलिफोर्निया में क्रैश हो गया था.
2020 मई: फ्लोरिडा में कंट्रोल लॉस से रनवे पर दुर्घटना के बाद आग लग गई थी.
2019 अप्रैल: जापान का F‑35A ट्रेनिंग के दौरान गायब हो गया था और पायलट की मौत हो गई थी.
2018 सितंबर: इंजन फ्यूल ट्यूब फटने से साउथ कैरोलिना में F‑35B क्रैश हो गया था.
अमेरिका पर खड़े हुए सवाल
ऊपर दिए गए हादसों को देखते हुए माना जा रहा है कि अमेरिका जिसे अपने सबसे एडवांस्ड और मारक फाइटर जेट F‑35 के रूप में दुनिया के सामने पेश करता है, वह अब कबाड़ होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है. इसे पांचवीं पीढ़ी का फाइटर जेट माना जाता है लेकिन लगातार होते हादसों के कारण इसकी चमक तकनीकी खराबियों और महंगे मेंटेनेंस के कारण फीकी पड़ती जा रही है.
कैलिफोर्निया में बुधवार को हुआ यह कोई एकमात्र हादसा नहीं है. जनवरी 2025 में आई एक रिपोर्ट के मुताबिक F‑35 सीरीज के अब तक 11 से ज्यादा क्रैश हो चुके हैं. इससे पहले भारत में भी इसी जेट ने पश्चिमी तकनीक पर सवालिया निशान खड़े कर दिए थे. दरअसल 14 जून को ब्रिटेन की रॉयल नेवी के एक F‑35B विमान ने केरल के तिरुवनंतपुरम एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग की थी.
यही नहीं इसकी तकनीकी खराबी ने इसे पूरे एक महीने से अधिक वक्त तक यहां खड़ा होने के लिए मजबूर कर दिया था. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जब 6 जुलाई को ब्रिटिश इंजीनियरों की एक टीम विशेष स्पेयर पार्ट्स और उपकरणों के साथ पहुंची, तब कहीं इस विमान को सही किया जा सका था. उस समय महीनों तक तिरुवनंतपुरम एयरपोर्ट पर खड़े इस ‘एडवांस्ड’ फाइटर जेट की तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुईं थी और मीम बने. साथ ही अमेरिकी टेक्नोलॉजी पर भी जमकर सवाल खड़े हुए.
ये भी पढ़ें-राजस्थान में फाइटर प्लेन क्रैश…दोनों पायलट की मौत; जानें कहां जाता है मलबा?-Video