Ayodhya Ramlila: रामलीला में रावण का अभिनय कर रहे कलाकार की मंच पर मौत, मचा हड़कंप, वायरल हुआ लाइव वीडियो
अयोध्या। उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले की रामलीला में उस वक्त हड़कम्प मच गया, जब रावण की भूमिका निभा रहे कलाकार की सीता हरण की लीला के मंचन के दौरान हृदय गति रुक जाने से मौत हो गई। कलाकार की आकस्मिक मौत का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। रामलीला समिति के पदाधिकारी कलाकार को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
गांव में छाया मातम
कलाकार की मौत के बाद गांव में मातम छा गया है। रामलीला मंच पर ऐसा हादसा पहली बार ऐहार गांव में रविवार की रात में देखने को मिला था। श्री रामलीला समिति ऐहार में सीता हरण की लीला से पहले रामलीला में रावण का अभिनय कर रहे कलाकार पतिराम रावत ज्यों ही माइक पर बोलने के लिए उठे, उनकी आवाज लडखड़ाने लगी। फिर भी वह बुलंद आवाज में कुछ देर तक संवाद करते रहे।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि वह बोलते हुए अचानक मंच पर गिर गए। दर्शकों ने पहले सोचा वह अभिनय कर रहे हैं, लेकिन जब वह कुछ समय तक नहीं उठे तो लोग उनकी ओर दौड़े, तो उन्हें बेसुध पाया। इसके बाद एंबुलेंस बुलाकर आनन-फानन में अस्पताल पहुंचे। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जाने पर डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
निभा रहे थे 20 साल से रावण की भूमिका
रामलीला समिति ने बताया कि कलाकार पतिराम रावत (65) पिछले 20 वर्षों से लगातार रामलीला में रावण की भूमिका निभा रहे थे। रामलीला समिति के प्रबंधक दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि वह 20 वर्षों से रावण का जीवंत अभिनय करते थे। उनका अंतिम संस्कार सोमवार को किया गया। सोमवार को होने वाली रामलीला स्थागित कर दी गई। मंगलवार से आगे की लीला सम्पन्न होगी। (फोटो सोशल मीडिया)