Mukhtar Ansari: बाहुबली मुख्तार को 10 साल और उसके सांसद भाई अफजाल को 4 साल की सुनाई गई सजा, जुर्माना भी लगा, संसदी पर लटकी तलवार

April 29, 2023 by No Comments

Share News

Mukhtar Ansari: बाहुबली मुख्तार अंसारी और उसके सांसद भाई अफजाल अंसारी की मुश्किलें बढ़ गई हैं. शनिवार को उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले की एमपी-एमएलए (MP-MLA) कोर्ट ने जहां मुख्तार अंसारी को 10 साल की सजा सुनाई है तो वहीं उसके भाई अफजाल को 4 साल की सजा सुनाई गई है. इसके बाद अफजाल की संसद की सदस्यता पर तलवार लटक रही है.

बता दें कि ये सजा दोनों भाईयों को विधायक कृष्णानंद राय हत्याकांड में गैंगस्टर मामले में सुनाई गई है. मीडिया सूत्रों के मुताबिक कोर्ट ने मुख्तार अंसारी को गैंगस्टर एक्ट के तहत दोषी माना है और 10 साल की सजा सुनाई है. इसके साथ ही कोर्ट ने पांच लाख का जुर्माना लगाया है. वहीं उसके भाई अफजाल अंसारी को कोर्ट ने चार साल की सजा सुनाई है और एक लाख रुपए का जुर्माना लगाया है. जानकार मान रहे हैं कि कोर्ट के आदेश के बाद अब अफजाल की संसद की सदस्यता रद्द होने की सम्भावना बढ़ गई है.

मीडिया सूत्रों के मुताबिक 22 नवंबर 2007 को गाजीपुर जिले के मोहम्मदाबाद कोतवाली में गैंगस्टर चार्ट में सांसद अफजाल अंसारी और मुख्तार अंसारी को शामिल करते हुए गैंगस्टर अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया था. 23 सितंबर 2022 को प्रथम दृष्टया दोनों के खिलाफ आरोप तय हुआ था और अभियोजन पक्ष की गवाही पूरी हुई थी. तो वहीं दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने फैसला सुरक्षित रख लिया था.

मालूम हो कि अफजाल अंसारी गाजीपुर संसदीय क्षेत्र से बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के सांसद हैं. तो वहीं, मुख्तार अंसारी मऊ की मऊ सदर विधानसभा सीट से लगातार पांच बार विधायक रहे, लेकिन मुख्तार ने 2022 में विधानसभा चुनाव नहीं लड़ा और उसकी सीट पर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) से उसके बेटे अब्बास अंसारी ने किस्मत अजमाई और विधायक बने, लेकिन वह भी वर्तमान में जेल में है और मुख्तार अंसारी भी इस समय आपराधिक मामलों में बांदा जेल में बंद हैं.