Bakrid-2025: बकरीद से पहले ईदगाह के आस-पास चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान, अधिकारियों को ये निर्देश

Share News

Bakrid-2025: ईदुज्जुहा (बकरीद) 7 जून को है. इसको देखते हुए मण्डलायुक्त डॉ0 रोशन जैकब द्वारा आज लखनऊ स्थित ईदगाह का स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने आयोजन स्थलों की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, पेयजल सुविधा, ट्रैफिक नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान मण्डलायुक्त ने पर्व के दौरान साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम को निर्देशित किया गया कि ईद से पूर्व एवं उपरांत ईदगाह परिसर और आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए। जलकल विभाग एवं विद्युत विभाग को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि नमाज़ के समय पूर्ण एवं निर्बाध जल व विद्युत आपूर्ति उपलब्ध रहे।

स्वास्थ्य विभाग को मौके पर मेडिकल टीम एवं एम्बुलेंस की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस विभाग को संवेदनशील स्थानों की पहचान कर वहां पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, ड्रोन सर्विलांस एवं सीसीटीवी कैमरों की निगरानी के निर्देश दिए। ट्रैफिक पुलिस को जाम की स्थिति से बचने हेतु वैकल्पिक मार्गों की योजना तैयार करने के निर्देश दिए।

इसी के साथ ही मण्डलायुक्त ने ये भी कहा कि ईदुज्जुहा का पर्व भाईचारे, त्याग एवं मानवता का संदेश देता है। यह प्रशासन की जिम्मेदारी है कि सभी नागरिक इस पर्व को सौहार्दपूर्ण, शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में मना सकें। उन्होंने ऐसबाग ईदगाह में वृक्षारोपण भी किया। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त गौरव कुमार, स्वास्थ्य विभाग, विद्युत विभाग, पुलिस विभाग एवं अन्य संबंधित विभागीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।

इसके बाद विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर एक पेड़ मां के नाम 2.0 थीम पर आधारित पर्यावरण जागरूकता एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम के अंतर्गत मण्डलायुक्त डॉ0 रोशन जैकब ने आज सीजी सिटी वेटलैंड झील में पौधा रोपड़ करते हुए प्रकृति को हरा भरा तथा स्वच्छ, सुंदर बनाए रखने का संदेश दिया। इस अवसर पर मण्डलायुक्त ने पेड़ों को मां की तरह पूज्यनीय मानते हुए उसकी सेवा, संरक्षा करने की अपील भी की। इसी के साथ ही मण्डलायुक्त ने ये भी अपील करते हुए कहा कि पेड़ को लगाने से ज्यादा अहमियत है उसे जीवित रखना उसका संरक्षण करना है। वह आगे बोलीं कि आइए हम सब मिलकर एक संकल्प लें कि एक पेड़ अपने मां के नाम का लगाएंगे उसकी सेवा तथा संरक्षण स्वयं ही करेंगे। प्रकृति को सम्मान दें। ये हमे हर सुख-सुविधा प्रदान करते है। इस मौके पर बड़ी संख्या में उनके साथ क्षेत्रिय लोग उपस्थित रहे.

ये भी पढ़ें-Uttar Pradesh में अग्निवीरों के लिए बड़ी खुशखबरी….योगी कैबिनेट ने प्रदेश के हित में लिए ये 10 फैसले-Video