Basic Shiksha: योगी सरकार में बेसिक शिक्षकों को दोहरी मार, जबरन NPS थोपे जाने के विरोध में 18 जनवरी को बड़ा अभियान, देखें क्या है दूसरी बड़ी समस्या, देखें अपील
लखनऊ। उत्तर प्रदेश का बेसिक शिक्षक कोल्हू की बैल की तरह हो गया है। सरकार जहां चाहती है, वहीं लगा देती है। पढ़ाने के अलावा भी तमाम जिम्मेदारियों के साथ अपनी नौकरी निभाने का पूरा प्रयास शिक्षक कर रहे हैं, लेकिन उस पर भी कहीं ट्रांसफर न करने तो कहीं एनपीएस को लेकर शिक्षकों को प्रताड़ित किया जा रहा है। इसको लेकर प्रतिदिन ही शिक्षक विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन सरकार के कान में जूं भी नहीं रेंग रही है।
इसी क्रम में जबरन एनपीएस थोपे जाने के विरोध में तथा ओपीएस बहाली के लिए 30 दिसम्बर 2022 को सभी ब्लाकों पर विरोध अभियान चला था, लेकिन फिर भी जबरन एनपीएस थोपे जाने तथा एनपीएस न स्वीकार किये जाने पर वेतन रोकने सम्बन्धी आदेश को वापस नहीं लिया गया है और न ही ओपीएस बहाली के लिए योगी सरकार द्वारा कोई ठोस कदम उठाए गए हैं। उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाई स्कूल (पूर्व माध्यमिक ) शिक्षक संघ उत्तर प्रदेश के द्वारा सभी जनपदों में 18 जनवरी 2023 को वित्त एवं लेखधिकारी बेसिक शिक्षा के कार्यालयों पर धरना देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ज्ञापन दिए जाने का कार्यक्रम करने जा रहा है। यह कार्यक्रम पहले ही घोषित कर दिया गया था।
शिक्षकों से अपील की गई है कि भारी संख्या में दिनांक 18/1/2023 को समय 12 बजे जिला बेसिक शिक्षाधिकारी कार्यालय उन्नाव पर उपस्थित होकर जनपद स्तर पर उक्त कार्यक्रम को सफल बनायें। शासन और सरकार को अपनी ताकत का एहसास कराएं। प्रताड़ना करने वाली एन0पी0एस0व्यवस्था को समाप्त कराने में तथा पुरानी पेंशन बहाली सम्बन्धी यज्ञ रूपी आंदोलन में अपनी शत प्रतिशत आहुति दें। अध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह, कोषाध्यक्ष सरल कुमार और महामंत्री अनुपम मिश्र ने उन्नाव के शिक्षकों से अपील की है।
वहीं ब्लाक व जनपद ट्रांसफर को लेकर भी शिक्षक कई महीने से मांग कर रहे हैं लेकिन सरकार है कि आंखें मूंदे है। इसको लेकर भी शिक्षक ट्विटर सहित सभी सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर अभियान चला रहे हैं, लेकिन उनकी मांगे अभी तक पूरी नहीं की गई हैं। जबिक पिछले सात सालों में ट्रांसफर की कोई भी प्रक्रिया नहीं अपनाई गई है।