Bihar News: शहीद साथी की बहन की शादी में पहुंचे CRPF जवानों ने निभाया भाई का फर्ज, भर आईं लोगों की आंखें-Video
CRPF Jawans in Bihar: बिहार के लखीसराय से आंखों को नम कर देने वाली खबर सामने आई है. यहां पर शहीद सब इंस्पेक्टर रोशन कुमार की इकलौती बहन की शादी देखने के लिए उस वक्त पूरा गांव उमड़ पड़ा जब CRPF जवान पहुंचे और भाई का पूरा फर्ज निभाया. इसको देखकर पूरे गांव की आंखें नम हो गई तो वहीं परिजनों के तो आंसू थमने का नाम ही नहीं ले रहे थे. बहन भी भाइयों को पाकर सुबक रही थी.
इसको लेकर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें जवान शहीद की बहन को वरमाला के लिए स्टेज पर ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं. इस शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है और लोग जवानों की खूब तारीफ कर रहे हैं. तो वहीं जवानों ने खुद अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शहीद की बहन की शादी की फोटो और वीडियो शेयर की है.
2019 में रोशन कुमार हुए थे शहीद
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सीआरपीएफ की 205 कोबरा बटालियन में एसआई रोशन कुमार तैनात थे. 13 फरवरी 2019 को असुरैन, थाना-लुटुवा, जिला-गया में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ के दौरान वह देश के लिए अपना कर्तव्य निभाते हुए शहीद हो गए थे. उनकी इकलौती बहन को भाई की कमी न खले, इसको लेकर रोशन कुमार के सभी दोस्त शादी में अचानक पहुंचे तो लोगों को बहुत आश्चर्य हुआ. जवानों ने भाई का फर्ज निभाया और आर्थिक मदद भी दी.
गांव वालों को नहीं हो रहा था यकीन
गांव वालों का कहना है कि उनको तो यकीन ही नहीं हो रहा कि शहीद रोशन कुमार की बहन की शादी के दिन सीआरपीएफ के जवान गांव में पहुंचे और भाई की जिम्मेदारी निभाई. शादी में पहुंचे एक कोबरा बटालियन अधिकारी ने कहा कि जवानों का फर्ज होता है कि वो देश की सेवा करे. रोशन ने अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए अपनी जान दी. बटालियन के जवानों ने इकलौती बहन की शादी में पहुंचकर भाई का फर्ज निभाया ताकि परिजनों को किसी तरह का मलाल न हो. इस दौरान शादी में उपस्थित सभी लोगों की आंखें नम थीं. शहीद के परिजन भी शादी में पहुंचे जवानों को देखकर भावुक हो गए और लिपट कर सिसक कर रो रहे थे.