Bihar: बीच सड़क बदमाशों ने मुखिया के पति पर बरसाई गोलियां, वायरल हुआ सीसीटीवी फुटेज, देखें दिल दहला देने वाला वीडियो
Bihar: सोशल मीडिया पर एक सीसीटीवी फुटेज तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग एक शख्स को बीच सड़क गोली मारते हुए दिखाई दे रहे हैं. यह वीडियो बिहार के भोजपुर का बताया जा रहा है. जानकारी सामने आई है कि रविवार सुबह आरा के बड़हरा प्रखंड की पश्चिमी गुंडी पंचायत की मुखिया अमरावती देवी के पति महेंद्र यादव की सरैया बाजार में दो बदमाशों ने सरेआम गोली मार दी.
महेंद्र पंचायत क्षेत्र में कुछ काम करने के लिए आए थे. वह बाइक से घर लौट रहे थे तभी पहले से ही तैयार दो बदमाशों ने उन पर बीच बाजार ही गोलियां बरसा दी. इसके बाद बदमाश फरार हो गए. तो वहीं महेंद्र यादव की मौके पर ही मौत हो गई है. मृतक के बेटे अंकु कुमार ने मौत के पीछे का कारण चुनावी रंजिश को बताया है.
अंकु ने पूर्व मुखिया के पति पर पिता की हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है. वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है. बता दें कि इसी तरह की घटना यूपी के प्रयागराज में 24 फरवरी को हुई थी, जिसमें माफिया अतीक के बेटे व उसके गुर्गे ने उमेश पाल की हत्या कर दी थी.