ELECTION-2022:भाजपा ने जारी की 17 उम्मीदवारों की नई सूची, स्वाति सिंह की सीट से ED के पूर्व अधिकारी राजेश्वर सिंह को टिकट

February 2, 2022 by No Comments

Share News

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव-2022 (UP ASSEMBLY ELECTION-2022) को लेकर भाजपा ने 17 उम्मीदवारों की नई सूची जारी कर दी है। इसके बाद से ही सरोजनीनगर सीट पर टिकट को लेकर चल रही जंग भी खत्म हो गई है। 8 वीं सूची में भाजपा ने योगी सरकार की मंत्री स्वाति सिंह का टिकट काट दिया है, इसी के साथ उनके पति दयाशंकर सिंह को भी टिकट नहीं दिया गया। बल्कि इस सीट पर ईडी ( ED) के बहुचर्चित पूर्व अधिकारी राजेश्वर सिंह को चुनावी मैदान में उतारा है।

बता दें कि सरोजनीनगर सीट पर चुनाव लड़ने को लेकर दयाशंकर और उनकी मंत्री पत्नी स्वाती सिंह के बीच घमासान जारी था। दोनो ही इस सीट पर चुनाव लड़ने के लिए जुगत भिड़ा रहे थे। दोनों की लड़ाई मीडिया में चर्चा का विषय रही। तो वहीं योगी सरकार के दिग्गज ब्राह्मण मंत्री ब्रजेश पाठक को इस बार लखनऊ सेंट्रल की बजाय लखनऊ कैंट से उम्मीदवार बनाया गया है। विधानसभा अध्यक्ष ह्रदय नारायण दीक्षित के चुनाव लड़ने से इंकार के बाद उन्नाव जिले की भगवंतनगर की उनकी सीट से भाजपा ने आशुतोष शुक्ला को चुनावी मैदान में उतारा है। बख्शी तालाब से वर्तमान विधायक अविनाश त्रिवेदी का टिकट काट कर उनकी जगह पर योगेश शुक्ला को टिकट दिया गया है।

इसी के साथ अगर अन्य सीटों की बात करें तो भाजपा ने महोली से शशांक त्रिवेदी, सीतापुर से राकेश राठौर, मलिहाबाद से जया देवी, लखनऊ पश्चिम से अंजनी श्रीवास्तव, लखनऊ उत्तर से नीरज बोरा, लखनऊ पूर्व से प्रदेश सरकार के कद्दावर मंत्री आशुतोष टंडन ‘गोपाल’,लखनऊ मध्य से रजनीश गुप्ता, मोहनलालगंज से अमरेश कुमार, ऊंचाहार से अमरपाल मौर्य, जहानाबाद से राजेन्द्र पटेल, गौरीगंज से चंद्रप्रकाश मिश्रा मटियारी और चित्रकूट से चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय को उम्मीदवार बनाया है। भाजपा अब तक उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी आठों सूची में कुल 298 उम्मीदवारों के नाम का एलान कर चुकी है। मालूम हो कि उत्तर प्रदेश में 7 चरणों में 10, 14 , 20, 23 और 27 फरवरी एवं 3 और 7 मार्च को मतदान किया जाएगा और परिणाम की घोषणा 10 मार्च को होगी।