UP Congress: बृजलाल खाबरी को बनाया गया उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष, विधानसभा चुनाव में हुई थी जमानत जब्त, 6 प्रांतीय अध्यक्ष भी मनोनीत, देखें सभी के नाम

October 1, 2022 by No Comments

Share News

लखनऊ। कांग्रेस (AICC) के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव से पहले ही उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया अध्यक्ष घोषित कर दिया गया है। बहुजन समाज पार्टी (BSP) को छोड़कर कांग्रेस में आने वाले बृजलाल खाबरी पर भरोसा जताते हुए कांग्रेस हाईकमान ने इनको उत्तर प्रदेश की बागडोर सौंपी है और प्रदेश अध्यक्ष घोषित किया गया है।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने ललितपुर के महरौनी से विधानसभा चुनाव 2022 में हारने वाले बृजलाल खाबरी को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कमान सौंपी है। अजय कुमार लल्लू के मार्च में प्रदेश अध्यक्ष पद छोडऩे के बाद से छह महीने से खाली पद पर बुंदेलखंड के नेता को आसीन किया गया है। उनके साथ ही पार्टी ने छह प्रांतीय अध्यक्ष भी बनाए हैं।

कांग्रेस ने अपनाया छह प्रांतीय अध्यक्ष का फार्मूला

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव तथा सांसद केसी वेणुगोपाल ने इनका नाम घोषित किया है। कांग्रेस ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के साथ ही छह प्रांतीय अध्यक्ष के फार्मूला पर काम किया है। जालौन से लोकसभा के सदस्य रहे इटावा निवासी दलित नेता जालौन से लोकसभा के सदस्य रहे बृजलाल खाबरी को कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनाया है।

तो वहीं बसपा छोड़कर आए नसीमुद्दीन सिद्दीकी को प्रांतीय अध्यक्ष बनाया गया है। इसी के साथ वाराणसी से लोकसभा का चुनाव लड़े अजय राय तथा बसपा से कांग्रेस में आने वाले नकुल दुबे को भी प्रांतीय अध्यक्ष बनाया गया है। इनके साथ वीरेन्द्र चौधरी, योगेश दीक्षित तथा इटावा के अनिल यादव को भी प्रांतीय अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

बृजलाल खाबरी हार गए थे विधानसभा चुनाव

बृजलाल खाबरी को इससे पहले पार्टी ने बिहार का भी प्रभारी बनाया गया था। बीते विधानसभा चुनाव में खाबरी को कांग्रेस ने ललितपुर की महरौनी से मैदान में उतारा था। उनकी पत्नी उर्मिला देवी सोनकर खाबरी ने भी कांग्रेस के टिकट पर जालौन के उरई विधानसभा सीट पर ताल ठोंकी थी, लेकिन दोनों लोग चुनाव हार गए और जमानत जब्त हो गई थी। बृजलाल खाबरी 4,334 वोट के साथ महरौनी सीट पर चौथे स्थान पर रहे, वहीं उनकी पत्नी 4,650 मत के साथ उरई सीट पर चौथे स्थान पर रहीं।