Pakistan: पाकिस्तानी एयरलाइन्स ने क्रू मेंबर्स के लिए बनाया अजब-गजब नियम, ‘फ्लाइट में अंडरगार्मेंट्स पहनना किया अनिवार्य’
पाकिस्तान से एक अजब-गजब समाचार सामने आ रहा है। पाकिस्तानी मीडिया संस्थान जियो न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक पीआईए (PIA) ने ये अनिवार्य कर दिया है कि फ्लाइट के दौरान कैबिन क्रू (Cabin crew) सदस्य अंडरगार्मेंट्स अनिवार्य रूप से पहनेंगे। उनका कहना है कि खराब तरह से तैयार होने पर एयरलाइन्स का नाम दुनिया में खराब होता है और लोग उन्हें बुरी नजर से देखते हैं।
फिलहाल ये पहली बार नहीं है जब पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान से ये हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। ऐसा पहले भी कई बार हो चुका है, जब यहां की खबरें लोगों को हंसने के लिए मजबूर कर देती है। फिलहाल इस बार तो पाकिस्तान एयरलाइन्स से जुड़ी एक खबर ने पाकिस्तान की सोच के बारे में सोचने के लिए मजबूर कर दिया है। पाकिस्तान के राष्ट्रीय एयर कैरियर पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइन्स (Pakistan International Airlines) ने अपने क्रू मेंबर्स को फ्लाइट में अंडरगार्मेंट्स (PIA Cabin crew members wear undergarments) अनिवार्य रूप से पहनने का फरमान सुनाया है। वहीं पाकिस्तान सरकार के एविएशन मंत्रालय ने भी कहा है कि इस नियम का पालन गंभीरता से किया जाए।
देखें क्या कहा गया है मेमो में
जियो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार पीआईए के जनरल मैनेजर आमिर बशीर ने जारी किए गए मेमो में कहा कि “ऐसा देखा गया है कि कैबिन क्रू सदस्य जब भी इंटरसिटी ट्रैवेल करते हैं तो बहुत कैजुअली कपड़े पहनते हैं। वो जब होटलों में होते हैं या कहीं घूमने भी जाते हैं तो कैजुअल लुक में नजर आते हैं। इससे एयरलाइन्स कंपनी का नाम खराब होता है। सदस्यों को ये ध्यान देना चाहिए कि वो ऐसे कपड़े पहनें जो उनके देश की संस्कृति और रीति-रिवाजों का पालन करें। जरूरी है कि कैबिन क्रू के मेंबर फ्लाइट में अंडरगार्मेंट जरूर पहनें और उनके ऊपर कायदे की फॉर्मल यूनीफॉर्म पहनें।” आदेश में ये भी कहा गया है कि ग्रूमिंग अधिकारी केबिन क्रू के सदस्यों के कपड़ों को हर वक्त मॉनीटर करें और अगर नियम न माने जाएं तो उसकी सूचना दें।
फ्लाइट में नमाज न पढ़ने पर शख्स ने तोड़ा था कांच
हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें एक शख्स प्लेन के अंदर खिड़की का कांच तोड़ रहा था। बताया जाता है कि पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइन्स तब चर्चा में आया था जब एक पाकिस्तानी शख्स प्लेन के अंदर खिड़की के कांच तोड़ने की कोशिश कर रहा था। दरअसल, यात्री को प्लेन में नमाज पढ़ने की इजाजत नहीं दी गई, इस वजह से वो गुस्से में आ गया और फ्लाइट के अंदर कांच तोड़ने लगा।