Chess: फिडे महिला विश्व चैंपियन में जीत दर्ज करते ही खुशी से रो पड़ीं 19 वर्षीय दिव्या…खिताब जीतने वाली बनीं पहली भारतीय महिला-Video

July 29, 2025 by No Comments

Share News

Chess: महिला शतरंज विश्व कप के फाइनल मुकाबले में 19 वर्षीय दिव्या देशमुख ने जीत हासिल कर न केवल ग्रैंडमास्टर और हमवतन कोनेरू हम्पी को हराया बल्कि फिडे महिला शतरंज विश्व कप जीतने वाली वह पहली भारतीय महिला भी बन गई हैं. जहां दिव्या ने काले मोहरों की मदद से शानदार जीत हासिल की तो वहीं कोनेरू हम्पी के पास वापसी करने का एक छोटा सा मौका था लेकिन वह इसका लाभ नहीं उठा सकीं.

तो वहीं सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें दिव्या जीत हासिल करते ही भावुक दिखाई दे रही हैं और अपनी आंखों में आ गए खुशी के आंसू पोछते हुए दिख रही हैं. दूसरी ओर उनको बधाई देने का तांता भी लग गया है. बता दें कि इस जीत के साथ ही दिव्या ने ‘ग्रैंडमास्टर’ का खिताब भी हासिल किया है। दिव्या के लिए ये यादगार पल हैं। दिव्या कैंडिडेट्स शतरंज के लिए पहले ही क्वालिफाई कर चुकी हैं।

बता दें कि अंतरराष्ट्रीय मास्टर दिव्या देशमुख ने अपने से ऊंची रैंकिंग वाली ग्रैंडमास्टर और हमवतन कोनेरू हम्पी को फिडे महिला विश्व कप फाइनल के पहले और दूसरे गेम में कोई मौका नहीं दिया और बिना ड्रॉ खेलने पर मजबूर किया था। इस वजह से मैच टाई-ब्रेकर में पहुंचा।

जानें क्या होता है टाईब्रेकर?

टाई-ब्रेकर में 15-15 मिनट के दो गेम होते हैं. इस दौरान हर चाल के बाद 10 सेकेंड की बढ़ोतरी होती है और स्कोर इसके बाद बराबर रहता तो दोनों खिलाड़ियों को 10-10 मिनट प्रति गेम के हिसाब से एक और सेट खेलने का मौका मिलता है। इसमें भी हर चाल के बाद 10 सेकेंड की बढ़ोतरी होती है। दोनों के बीच पहला रैपिड टाईब्रेकर भी ड्रॉ रहा फिर दूसरे टाईब्रेकर में नतीजे सामने आए।

राष्ट्रपति ने दी बधाई

देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बधाई देते हुए एक्स पर लिखा-“दिव्या देशमुख को मेरी हार्दिक बधाई, जो FIDE महिला विश्व कप जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं, वह भी मात्र उन्नीस वर्ष की आयु में। कोनेरू हम्पी उपविजेता रहीं और शतरंज विश्व चैंपियनशिप की दोनों फाइनलिस्ट भारत से थीं। यह हमारे देश में, विशेषकर महिलाओं में, प्रतिभा की प्रचुरता को दर्शाता है। मैं कोनेरू हम्पी के प्रति अपनी गहरी कृतज्ञता व्यक्त करती हूँ, जिन्होंने अपने शानदार करियर के दौरान उत्कृष्टता बनाए रखी है। मुझे विश्वास है कि ये दोनों महिला चैंपियन और भी गौरव हासिल करेंगी और हमारे युवाओं को प्रेरित करेंगी।”

प्रधानमंत्री ने दी बधाई

उनकी इस जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए बधाई दी है और लिखा है-“दो उत्कृष्ट भारतीय शतरंज खिलाड़ियों का एक ऐतिहासिक फ़ाइनल! युवा दिव्या देशमुख के FIDE महिला विश्व शतरंज चैंपियन 2025 बनने पर गर्व है। इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए उन्हें बधाई, जो कई युवाओं को प्रेरित करेगी। कोनेरू हम्पी ने भी पूरी चैंपियनशिप में अपार कौशल का प्रदर्शन किया है। दोनों खिलाड़ियों को उनके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएँ।”

ये भी पढ़ें-इस भारतीय क्रिकेटर की ट्रेन में हुई मौत…अचानक बिगड़ी तबीयत; किसी ने नहीं की मदद