इस भारतीय क्रिकेटर की ट्रेन में हुई मौत…अचानक बिगड़ी तबीयत; किसी ने नहीं की मदद

Share News

Vikram Singh Indian Disabled Cricketer Died in Train: खेल जगत से दुखद खबर सामने आ रही है. छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस में सफर कर रहे पंजाब के 38 वर्षीय दिव्यांग क्रिकेटर विक्रम सिंह की ट्रेन में उस वक्त कथित तौर पर मौत हो गई जब वह व्हीलचेयर क्रिकेट टूर्नामेंट के लिए दिल्ली से ग्वालियर जा रहे थे.

इसी दौरान उनकी अचानक तबीयत खराब हो गई. इस पर उनकी सहायता के लिए कई आपातकालीन कॉल की गई लेकिन समय पर चिकित्सा सहायता नहीं पहुंच सकी. माना जा रहा है कि अगर उनको समय पर मदद मिल जाती तो उनकी जान बच सकती थी.

मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि दिव्यांग क्रिकेटर ट्रेन में करीब 3 घंटे तक तड़पते रहे लेकिन किसी ने भी उनकी मदद नहीं की. ट्रेन के मथुरा स्टेशन पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी.

बुधवार की रात को विक्रम सिंह और उनके साथी हज़रत निज़ामुद्दीन स्टेशन से छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस में बैठे थे. उनके साथियों के सामने आए बयान में कहा गया है कि ट्रेन के रवाना होने के कुछ ही समय बाद उन्हें तेज़ दर्द होने लगा और जैसे-जैसे ट्रेन मथुरा के पास पहुंची, उनकी हालत तेज़ी से बिगड़ती जा रही थी.

टीओआई की रिपोर्ट की मानें तो विक्रम सिंह की मदद के लिए सुबह 4:58 बजे रेलवे हेल्पलाइन पर आपातकालीन कॉल की गई, जिसमें तत्काल चिकित्सा सहायता की मांग की गई लेकिन कई बार कॉल करने के बावजूद कोई मदद नहीं मिली. उनके एक साथी ने दुखी होकर बताया कि “वह हमारी आंखों के सामने दर्द से कराह रहे थे और हम मदद के लिए पुकारते रहे, लेकिन कोई नहीं आया.”

रिपोर्ट में ये भी दावा किया गया है कि ट्रेन करीब 90 मिनट लेट चल रही थी. लेट होने के कारण ट्रेन सुबह 8:10 बजे मथुरा स्टेशन पहुंची लेकिन तब तक क्रिकेटर की मौत हो चुकी थी. इस घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है. क्रिकेटर के घर में मातम पसरा हुआ है तो वहीं सोशल मीडिया पर भी इस घटना की जमकर आलोचना हो रही है और ट्रेन की सर्विस को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं.

ये भी पढ़ें-Heart Attack: सीने में दर्द के बाद RPF जवान की मौत…खबर सुनते ही पिता ने भी दम तोड़ा; परिवार में मचा कोहराम-Video