Education News: नशे की हालत में स्कूल पहुंचे शिक्षक ने महिला टीचर से की अभद्रता, वीडियो हुआ वायरल
सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दिखाई दे रहा है कि एक सरकारी स्कूल है और शिक्षक नशे की हालत में स्कूल में किसी महिला से बात कर रहे हैं। तो वहीं वीडियो में दूसरी तरफ दिखाई दे रहा है कि एक बच्चा स्कूल के कमरे का दरवाजा खोल रहा है।
फिलहाल ये वीडियो बिहार के नवादा जिले के रजौली प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय गोपालपुर का बताया जा रहा है। मीडिया सूत्रों के मुताबिक यहां पदस्थापित सहायक शिक्षिका सुनैना कुमारी के साथ शुक्रवार को नशे में धुत विद्यालय के शिक्षक किशोरी प्रसाद रमण ने अभद्र व्यवहार किया तो शिक्षिका ने उनका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इसी के साथ शिक्षिका ने रजौली बीडीओ अनिल मिस्त्री से भी शिकायत कर कार्यवाही की मांग की। इसी के साथ जिलाशिक्षा अधिकारी को भी शिकायती पत्र लिखा। साथ ही रजौली थाने में भी इस सम्बंध में शिकायती पत्र दिया गया है।
बताया जा रहा है कि इंस्पेक्टर दरबारी चौधरी के निर्देश पर जब तक पुलिस स्कूल पहुंची, तब तक नशेड़ी शिक्षक स्कूल से फरार हो चुका था। इसी के साथ जानकारी सामने आ रही है कि शिक्षक किशोरी प्रसाद रमन प्रतिदिन ही स्कूल नशे की हालत में आते हैं और विद्यालय में हर किसी से इसी तरह की हरकत करते हैं, लेकिन शुक्रवार को जब शिक्षिका सुनैना के साथ यह हरकत की तो स्कूल के सभी शिक्षकों के सब्र का बांध टूट गया और वीडियो बनाकर वायरल करने के साथ ही उच्चाधिकारियों से शिकायत भी कर दी। इस सम्बंध में जिलाशिक्षाधिकारी ने जानकारी दी कि फिलहाल बीडीओ को मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जांच के बाद ही उनको निलम्बित किया जाएगा। (फोटो-सोशल मीडिया)
यहां देखें वीडियो